शाजापुर: जिले में सरकारी जमीनों पर लगातार अवैध कब्जे बढ़ते जा रहे हैं. प्रशासनिक लापरवाही के चलते भूमाफिया खुलेआम खेल कर रहे हैं और जब कार्रवाई होती है तो पीड़ित खरीदार न्यायालय की शरण में जाकर स्टे ले आते हैं.ताजा मामला पटवारी हल्का मूलीखेड़ा का है, जहां वर्ष 1925 में सर्वे नंबर 14 की भूमि बंदोबस्त के बाद 1997-98 में नवीन सर्वे 93 हुई. इसमें से 1.89 हेक्टेयर जमीन बापू पिता पूना को चौकीदार के रूप में मिली थी. सर्वे नंबर 93/1 में 0.89 हेक्टेयर भूमि चारागाह के लिए आरक्षित है, लेकिन यहां 60 से 70 झोपड़ियां और एक दरगाह खड़ी हो चुकी है.
इसी तरह मरी माता बाग क्षेत्र में कब्रिस्तान और तालाब की भूमि पर भी भूमाफियाओं ने भूखंड काट दिए हैं. ये लोग निजी सर्वे से जमीन बेचकर कब्जा सरकारी भूमि पर दिलाते हैं और बाद में जिम्मेदारी खरीदार पर डाल देते हैं.सूत्रों के मुताबिक प्रशासन ने अब सर्वे नंबर 93/1 पर बने अवैध कब्जों की सूची तैयार करना शुरू कर दी है, जिसके बाद कार्रवाई की जाएगी.
