नयी दिल्ली, 18 सितंबर (वार्ता) नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधीनस्थ भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने अपनी सभी हवाई अड्डों पर ‘यात्री सेवा अभियान’ शुरू किया है जो 10 अक्टूबर तक चलेगा। इस अभियान के तहत यात्रियों पर केंद्रित कई पहलें शामिल हैं, जिनका उद्देश्य हवाई अड्डों सेवाओं की रफ्तार तेज करना, साफ-सफाई बेहतर बनाना, सुविधा और आतिथ्य के माहौल को बढ़ावा देना है। नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने गुरुवार को पुणे हवाई अड्डे पर इसकी शुरुआत की। इस अवसर पर नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल, नागरिक उड्डयन सचिव समीर कुमार सिन्हा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।
पुणे हवाई अड्डे पर हुए कार्यक्रम में स्वच्छता अभियान चलाया गया और “एक पेड़ मां के नाम” के तहत वृक्षारोपण किया गया। सफाई अभियान के साथ-साथ “स्वच्छता ही सेवा” रैली भी निकाली गई। इसमें सार्वजनिक जगहों को साफ-सुथरा और स्वच्छ रखने की सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।
एएआई 17 सितंबर से 10 अक्टूबर तक ‘यात्री सेवा अभियान’ के तहत “सेवा और संकल्प” थीम के तहत कई गतिविधियों का आयोजन कर रहा है। इसमें थीम-आधारित पहलों की एक श्रृंखला होगी जो यात्रा के विभिन्न पहलुओं के बारे में होगी। सुगमता, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग और संपर्क, रास्ता खोजने में मदद, सामान, सुरक्षा सुविधा, जरूरी सुविधाएं, डिजिटल सेवाएं, फ़ीडबैक और शिकायत निवारण, साफ-सफाई, सस्टेनेबिलिटी और कर्मचारियों के व्यवहार पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

