जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. विजय शाह ने बैहर में ली छात्रावास अधीक्षको की बैठक

बैहर, मध्‍यप्रदेश शासन के जनजातीय कार्य, लोक परिसम्‍पत्ति प्रबंधन, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुर्नवास मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने 10 सितम्‍बर को बालाघाट प्रवास के दौरान एकलव्‍य विद्यालय बैहर में जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित समस्‍त 137 छात्रावासों के अधीक्षको की बैठक लेकर उन्‍हें छात्रावासों की सुविधाओं में सुधार करने के निर्देश दिये। इस दौरान मप्र अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्‍य श्री भगत सिंह नेताम, जिला पंचायत सीईओ सुश्री तनुश्री मीणा, बैहर एसडीएम श्री अनिकेत शाण्डिल्‍य, संयुक्‍त आयुक्‍त श्री नरोत्‍तम वरकडे, श्री सुधांशु वर्मा, श्रीमती शकुंतला डामोर उपस्थित थी। बैठक के पश्‍चात मंत्री डॉ. विजय शाह ने छात्रावास अधीक्षको एवं एकलव्‍य विद्यालय के छात्राओ के साथ मेस में भोजन भी किया।

मंत्री डॉ. विजय शाह ने बैठक में अधीक्षकों को बताया कि जिले के जनजाति वर्ग के छात्र छात्राओ के लिए संचालित छात्रावास की व्‍यवस्‍थाओं में सुधार के लिए विशेष कदम उठाए जा रहे है। छात्रावास के सभी बच्‍चों का माह में एक बार स्‍वास्‍थ्‍य परीक्षण एवं प्रत्‍येक बच्‍चे का हेल्‍थ कार्ड बनाना होगा। छात्रावास अधीक्षको को रात्रि में छात्रावास में ही रहना होगा। इसकी मानिटरिंग की जाएगी। छात्रावास में नही रहने वाले अधीक्षक को अगले दिन ही कार्यमुक्‍त कर दिया जाएगा। छात्रावास में सुबह और रात के समय दिये जाने वाले भोजन के साथ छात्रावास अधीक्षक को सेल्‍फी लेकर वरिष्‍ठ अधिकारी को भेजना होगा। मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने कहा कि वे स्‍वयं इसकी मानीटरिंग करेंगे।

बैठक में बताया गया कि छात्रावास में हर माह पालको की बैठक आयोजित करना होगा। प्रत्‍येक छात्रावास में बच्‍चों की कोचिंग की व्‍यवस्‍था सुनिश्चित होना चाहिए। छात्रावास के बच्‍चों का परीक्षा परिणाम 33 प्रतिशत से कम आने पर अधीक्षक को हटा दिया जाएगा। सभी छात्रावासों में पर्याप्‍त संख्‍या में बेड होना चाहिए। किसी भी पलंग पर 02 बच्‍चें नही रहेंगे। सभी छात्रावासों में वाटर प्‍यूरिफायर की व्‍यवस्‍था रहेगी। छात्रावासों में बिजली की सुविधा के लिए सोलर पेनल लगाने विभाग द्वारा 200 करोड रुपए स्‍वीकृत किये गए है।

मंत्री डॉ. विजय शाह ने बताया कि प्रत्‍येक छात्रावास पर निगरानी के लिए क्षेत्र के एक-एक जनप्रतिनिधि को छात्रावास आवंटित किया जाएगा, जिसमें वे सप्‍ताह के एक दिन जाकर बच्‍चो के साथ संवाद करेंगे। इसी प्रकार जिला प्रशासन द्वारा भी प्रत्‍येक छात्रावास के लिए एक अधिकारी संबंद्ध किया जाएगा।

छात्रावास अधीक्षको की बैठक के बाद मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने एकलव्‍य विद्यालय की मेस में छात्रावास अधीक्षको एवं छात्राओ के साथ भोजन किया और इस दौरान उनसे संवाद भी किया। कार्यक्रम के दौरान एकलव्‍य विद्यालय की छात्राओ द्वारा मंत्री डॉ. विजय शाह को पेंटिंग भेंट की गई, जो उन्‍हें बहुत पसंद आयी और उन्‍होंने इसके लिए बालिकाओ को 05-05 हजार रुपए की राशि प्रदान करने के निर्देश दिये।

Next Post

प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता, 486 बच्चों में से 446 स्वस्थ होकर घर लौटे, 20,838 बच्चों का टीकाकरण पूर्ण

Thu Sep 10 , 2026
बैहर, जिले के बिरसा विकासखंड के ग्राम कुंडेकसा, अडोरी, कोरका एवं बांदरी में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और मौसमी बीमारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर उपचार एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। सर्दी-खांसी, बुखार, चर्मरोग, मीजलस, स्कैबीज एवं मलेरिया जैसी बीमारियों से प्रभावित बच्चों का अस्पतालों में […]

You May Like