इंदौर: स्वतंत्रता दिवस पर रालामंडल अभयारण्य में पर्यटकों की भीड़ के साथ वन विभाग की कमाई भी बढ़ी. 15 अगस्त को 4235 पर्यटक यहां पहुंचे और विभाग को एक ही दिन में करीब 2 लाख 25 हजार रुपए का राजस्व मिला. 16 अगस्त को भी 5222 लोगों ने अभयारण्य की सैर की. अगस्त के तीन वीकेंड में अब तक 23,767 पर्यटक यहां पहुंच चुके हैं.इंदौर से कुछ दूरी पर 234 हेक्टेयर में फैले रालामंडल में सामान्य दिनों में औसतन करीब 500 पर्यटक प्रतिदिन आते हैं. छुट्टी और सप्ताहांत में यह संख्या कई गुना बढ़ जाती है. 1 अगस्त को 1814, 2 अगस्त को 5986, 8 अगस्त को 2046, 9 अगस्त को 4464, 15 अगस्त को 4235 और 16 अगस्त को 5222 पर्यटक पहुंचे.
इस तरह तीन वीकेंड के छह दिनों में कुल 23,767 पर्यटकों की आमद हुई. बारिश के बाद अभयारण्य की पहाड़ियों और जंगल में हरियाली बढ़ गई है. सुहाने मौसम के बीच परिवार बच्चों के साथ पहुंच रहे हैं, जबकि युवा दोस्तों के साथ ट्रेकिंग और प्राकृतिक नजारों का आनंद ले रहे हैं. कई युवा यहां की हरियाली और पहाड़ी क्षेत्र में फोटो-वीडियो भी बना रहे हैं. मुख्य प्रवेश द्वार से शिकारगाह की पहाड़ी तक पक्का रास्ता है. शिकारगाह के लिए जिप्सी और डियर पार्क तक पहुंचने के लिए बैटरी कार की सुविधा उपलब्ध है.
इससे बच्चों और बुजुर्गों के लिए भी अभयारण्य में घूमना आसान हो गया है. तीन वीकेंड में पर्यटकों की बढ़ी संख्या का असर विभाग के राजस्व पर भी पड़ा है. इन तीन वीकेंड में वन विभाग को 10 लाख रुपए से अधिक की आय हुई है. इनमें 15 अगस्त का दिन खास रहा, जब 4235 पर्यटकों की आमद से एक ही दिन में करीब 2 लाख 25 हजार रुपए राजस्व मिला. रालामंडल अभयारण्य अधीक्षक सुभाष शर्मा ने नव भारत को बताया कि कामकाजी दिनों में औसतन करीब 500 पर्यटक आते हैं, जबकि वीकेंड पर संख्या काफी बढ़ जाती है. 15 और 16 अगस्त को भी पर्यटकों की अच्छी संख्या रही. बारिश के बाद हरियाली बढ़ने से पर्यटकों की आवाजाही में इजाफा हुआ है
