मुंबई, 08 जून (वार्ता) बुनियादी ढांचा क्षेत्र की कंपनी रिलांयस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) कारोबार के क्षेत्र में कदम रखते हुए तीन नयी सहायक कंपनियां बनाने की सोमवार को घोषणा की। ये कंपनियां रिलायंस एआई वर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड, रिलायंस एआई एपेक्स प्राइवेट लिमिटेड और रिलायंस एआई वन प्राइवेट लिमिटेड के नाम से बनायी गयी हैं। इस घोषणा के बाद रिलायंस इंफ्रा के शेयर पांच प्रतिशत (4.10 रुपये) चढ़कर 86.17 रुपये पर पहुंच गये। रिलायंस इंफ्रा ने शेयर बाजारों को बताया है
कि तेजी से बढ़ते एआई और नये जमाने की प्रौद्योगिकियों का हिस्सा बनने के लिए उसने अपनी नयी सहायक कंपनियों के जरिये अपने कारोबार में एआई और संबंधित प्रौद्योगिकी आधारित गतिविधियों को शामिल करने के लिए कदम उठाये हैं। रिलायंस इंफ्रा अनिल डी. अंबानी रिलायंस ग्रुप का हिस्सा है। यह रोड, मेट्रो, एयरपोर्ट और रियल एस्टेट कारोबार में संलग्न है।

