पेपर लीक और परीक्षा गड़बड़ियों के खिलाफ NSUI का हल्ला बोल, कल सीएम हाउस का घेराव

भोपाल: परीक्षा अनियमितताओं, पेपर लीक और छात्रों के भविष्य से कथित खिलवाड़ के खिलाफ भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने बताया कि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ शुक्रवार को भोपाल पहुंच रहे हैं और उनके नेतृत्व में 30 मई को मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा।

आशुतोष चौकसे ने कहा कि 30 मई को शाम 4 बजे होने वाले इस प्रदर्शन में प्रदेश भर से पांच हजार से सात हजार छात्रों के शामिल होने की संभावना है। इनमें लगभग एक हजार छात्र ऐसे होंगे जो नीट परीक्षा से जुड़े विवादों और कथित गड़बड़ियों से प्रभावित रहे हैं।उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी। इसके साथ ही मध्यप्रदेश में छात्रसंघ चुनावों की बहाली तथा राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आरजीपीवी) के प्रस्तावित विभाजन को वापस लेने की मांग भी की जाएगी।

चौकसे ने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और परीक्षा घोटालों ने छात्रों को गहरे मानसिक तनाव में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे अन्याय को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और एनएसयूआई छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष लगातार जारी रखेगी।
उन्होंने दावा किया कि यह आंदोलन प्रदेश के छात्रों की आवाज को मजबूती से उठाने का प्रयास है और सरकार को शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा जवाबदेही सुनिश्चित करनी होगी।

Next Post

​ब्रिक्स सम्मेलन की तैयारी: सिटी बस में सवार होकर व्यवस्थाएं देखने निकले इंदौर के कलेक्टर और कमिश्नर

Fri May 29 , 2026
इंदौर: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की पहल का असर अब प्रशासनिक अमले में भी दिखाई देने लगा है। आगामी 9 से 13 जून तक इंदौर में आयोजित होने वाले ब्रिक्स सम्मेलन की तैयारियों का जायजा लेने कलेक्टर शिवम वर्मा, पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी सिटी बस से […]

You May Like