
विदिशा। आर्मी अग्निवीर भर्ती को लेकर जिले में सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु आर्मी ब्रिगेडियर एवं पुलिस अधीक्षक विदिशा रोहित काशवानी ने रात्रिकालीन भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने प्रमुख स्थानों रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड पर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों व जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा आने-जाने वाले अभ्यर्थियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं भीड़ नियंत्रण की समीक्षा की। इसी क्रम में आर्मी ब्रिगेडियर एवं पुलिस अधीक्षक ने भर्ती के पहले दिन शुक्रवार को बैतूल जिले से आए 569 अभ्यर्थियों से मुलाकात कर उनका हौंसला बढ़ाया और उन्हें बेहतर प्रदर्शन हेतु प्रेरित किया।
श्री काशवानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय स्थिति न हो, इसके लिए सतत गश्त, निगरानी एवं आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी ओपी सनोड़िया, नगर पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह, थाना यातायात प्रभारी आशीष राय एवं सेना के अधिकारीगण भी उपस्थित रहे।
