इंदौर: ट्रैफिक पुलिस द्वारा बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है. सड़क हादसों में सिर में लगने वाली गंभीर चोटों और मौतों को रोकने के उद्देश्य से कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को हेलमेट की अहमियत भी समझाई जा रही है.अभियान के तहत शहर के प्रमुख चौराहों जैसे पलासिया, विजयनगर, महूनाका सहित अन्य स्थानों पर नियमों का उल्लंघन करने वाले दोपहिया चालकों पर चालानी कार्रवाई की जा रही है.
वहीं अनाउंसमेंट के जरिए यह भी बताया जा रहा है कि कार्रवाई नागरिकों की सुरक्षा के लिए है, ताकि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और दुर्घटनाओं से खुद को व दूसरों को बचा सकें. यातायात पुलिस द्वारा यातायात रथ के माध्यम से डिजिटल स्क्रीन पर सड़क सुरक्षा से जुड़े वीडियो प्रदर्शित किए जा रहे हैं. इसके साथ ही जागरूकता रैली और अन्य कार्यक्रमों के जरिए हेलमेट उपयोग और ट्रैफिक नियमों के पालन का संदेश आमजन तक पहुंचाया जा रहा है.
पिछले चौबिस घंटे से चलाए गए विशेष अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने सहित अन्य धाराओं में 2395 चालान किए गए, जिनमें 2057 मामले दोपहिया चालकों से जुड़े रहे. वहीं पिछले तीन दिनों में 7609 चालानी कार्रवाई की गई, जिसमें से 6569 चालान केवल हेलमेट नहीं पहनने पर बनाए. यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हेलमेट का नियमित उपयोग करें और यातायात नियमों का जिम्मेदारीपूर्वक पालन करें, क्योंकि सड़क पर सुरक्षा ही सर्वोपरि है.
