
नीमच। 70वीं शालेय खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत उज्जैन संभाग स्तरीय शालेय जूडो प्रतियोगिता का आयोजन 9 सितंबर को वात्सल्य भवन, गांधी वाटिका के पास नीमच में हुआ। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं जिला शिक्षा अधिकारी ऐश्वर्या मूंदड़ा के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता में उज्जैन संभाग के सात जिलों से करीब 250 चयनित खिलाडिय़ों ने हिस्सा लिया।
14, 17 एवं 19 वर्ष बालक-बालिका वर्ग की प्रतियोगिता में खिलाडिय़ों ने विभिन्न आयु और वजन वर्गों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सभी मुकाबले रोमांचक और कड़ी टक्कर वाले रहे। मेजबान नीमच की टीम में 38 खिलाडिय़ों ने भाग लिया, जिनमें से 26 खिलाड़ी फाइनल मुकाबलों तक पहुंचे। शानदार प्रदर्शन करते हुए नीमच के खिलाडिय़ों ने 16 स्वर्ण और 10 रजत सहित कुल 26 पदक हासिल किए। इसके साथ ही नीमच ने जूडो में उज्जैन संभाग की ओवरऑल चैंपियन टीम का खिताब बरकरार रखा।
प्रतियोगिता में उज्जैन 9 स्वर्ण पदकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा, जबकि रतलाम और शाजापुर ने 8-8 स्वर्ण पदक हासिल किए।
प्रतियोगिता का शुभारंभ संयोजक प्राचार्य मनोज कीमती, जिला क्रीड़ा अधिकारी सावित्री मालवीय तथा मुख्य निर्णायक एवं सह संयोजक भरत सिंह कुमावत की उपस्थिति में हुआ। निर्णायक मंडल में तृषिता सोलंकी, पूजा कुमावत, भावना सोलंकी, काजल साल्वी, खुबी देपन, ईशा रावल, लक्की पाटीदार और राकेश नागदा ने दायित्व निभाया। इस अवसर पर करण सिंह परिहार, उदय सिंह, मुस्कान, विभिन्न जिलों से आए दल प्रबंधक, कोच, मैनेजर, शिक्षक एवं अभिभावक मौजूद रहे।
ये खिलाड़ी बने स्वर्ण पदक विजेता
बालक वर्ग: 14 वर्ष 25 किग्रा में अभिषेक पाराशर, 14 वर्ष 50 किग्रा में धर्मेंद्र भाटी, 19 वर्ष 40 किग्रा में हर्ष कुमावत, 19 वर्ष 50 किग्रा में मयंक वर्मा, 19 वर्ष 66 किग्रा में अब्बास तथा 19 वर्ष 73 किग्रा में संदीप ने स्वर्ण पदक जीता।
बालिका वर्ग: 14 वर्ष 23 किग्रा में वंदना, 14 वर्ष 36 किग्रा में विशाखा, 17 वर्ष 45 किग्रा में धीरज, 17 वर्ष 40 किग्रा में ज्योति जौनवाल, 17 वर्ष 52 किग्रा में सियोना, 17 वर्ष 63 किग्रा में गुनगुन यादव, 19 वर्ष 36 किग्रा में सिद्धि सैन, 19 वर्ष 44 किग्रा में हर्षिता सैनी, 19 वर्ष 52 किग्रा में मिनाक्षी तथा 19 वर्ष 57 किग्रा में रिया ने स्वर्ण पदक हासिल किया।
10 खिलाडिय़ों ने जीते रजत पदक
बालक वर्ग में माहिन अली, अल्फेज, संजू और खुशाल खताबिया ने रजत पदक जीता। वहीं बालिका वर्ग में भाविका जैन, आराध्या पाराशर, रितु, अश्विनी कैथवास, गिष्मी विरानी और साक्षी राठौर उपविजेता रहीं।
अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में दिखाएंगे दम
नीमच के सभी 16 स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी 5 से 8 अक्टूबर 2026 तक जबलपुर में आयोजित होने वाली 70वीं राज्य स्तरीय शालेय जूडो प्रतियोगिता में उज्जैन संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे।
