CMO के छुट्टी पर जाने से नपा की बैठक हुई निरस्त

विदिशा। नगर पालिका में भाजपा के पार्षदों और नगर पालिका अध्यक्ष में पिछले कई दिनों से उठापटक का खेल चलता आ रहा है और नगर पालिका में इस दौरान कई बदलाव भी नजर आ रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद भी नगर पालिका सही तरीके से न चल पाने के कारण शहर में विकास कार्य नहीं हो पा रहे हैं। वहीं जनता दोनों की बीच की लड़ाई कब शांत होगी इसी बात को लेकर चिंतित नजर आ रही है। शुक्रवार को नगर पालिका द्वारा पीआईसी की बैठक बुलाई गई थी, लेकिन मुख्य नगर पालिका अधिकारी अचानक छुट्टी पर चले गए हैं, जिसके कारण से बैठक निरस्त कर दी गई है अब आगे बैठक कब होगी इसके बारे में कोई जानकारी उपलब्ध नहीं हो पाई है।

नगर पालिका अध्यक्ष की कार्य प्रणाली को लेकर पिछले दो-तीन महीने से भाजपा के पार्षद ही आपस में दो धड़े में बंटे हुए नजर आ रहे हैं। कई पार्षद नगर पालिका अध्यक्ष की कार्य प्रणाली को लेकर जिले के पार्टी के पदाधिकारियों से लेकर प्रदेश हाई कमान तक से मुलाकात कर चुके हैं और शिकायत कर चुके हैं। वहीं पीआईसी की बैठक को लेकर भी कलेक्टर को आवेदन दे चुके हैं और बैठक में जो निर्णय हुए थे उन्हें निरस्त करने की मांग की गई थी। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा सभापतियों को बदल दिया गया था। इसके बाद भाजपा समर्थक पाषदों द्वारा नपाध्यक्ष के पीआईसी में नए सदस्यों को जोड़ने का विरोध करते हुए जिलाध्यक्ष को आवेदन देकर कहा गया था कि कांग्रेस और निर्दलीय पार्षदों को सभापति बनाया गया है जो नियम के विरूद्ध है।

वहीं शुक्रवार को नगर पालिका द्वारा पीआईसी की बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में कुछ न कुछ बड़ा हंगामा होने की उम्मीद लगाई जा रही थी। कहीं न कहीं हंगामा न हो इसी को देखते हुए शायद नगर पालिका अधिकारी छुट्टी लेकर यहां से चले गए हैं। नगर पालिका अधिकारी के छुट्टी पर जाने के कारण बैठक को निरस्त कर दिया गया है। बैठक निरस्त होने के बाद एक धड़े ने अपनी एकता का परिचय देने के लिए अपना ग्रुप फोटो सोशल मीडिया पर डाला गया। जबकि दूसरे पक्ष द्वारा इस प्रकार की अपनी कोई प्रतिक्रिया जाहिर नहीं की गई। वहीं पीआईसी की बैठक को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति शर्मा से बात की गई तो उनका कहना था कि नगर पालिका अधिकारी छुट्टी पर जाने के कारण बैठक को निरस्त कर दिया गया। आगे यह बैठक कब आयोजित की जाएगी, इस बात का निर्णय नगर पालिका अधिकारी के आने के बाद ही हो पाएगा। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा होनी थी जो नहीं हो पाई।

इनका कहना है

प्रदेश संगठन को नगर पालिका पार्षदों की स्थिति से अवगत करा दिया गया है। प्रदेश संगठन द्वारा जो भी निर्णय होगा उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

महाराज सिंह दांगी, भाजपा जिलाध्यक्ष विदिशा

Next Post

ग्वालियर किले से फिर एक युवक नीचे गिर पड़ा

Fri Aug 22 , 2025
ग्वालियर। ग्वालियर किले से आज शाम फिर एक युवक नीचे गिर पड़ा। युवक को गम्भीर हालत में पुलिस सिविल हॉस्पिटल हजीरा ले गई है। युवक के होश में आने के बाद उसकी शिनाख्ती के प्रयास किए जाएंगे। Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy Link

You May Like