इंदौर: परदेशीपुरा थाना पुलिस ने पत्रकार से अड़ीबाजी और मारपीट करने वाले दो बदमाशों को दबोच लिया है. पुलिस ने आरोपियों से चाकू भी बरामद किया है. गिरफ्तार दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है और उनके खिलाफ जिलाबदर की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है.डीसीपी जोन-3 हंसराज सिंह ने बताया कि घटना 12 और 13 अगस्त की दरम्यानी रात करीब 10.30 बजे आदर्श बिजासन नगर में फरियादी सागर चौकसे से बदमाश शुभम चौकसे, कुणाल पंवार और उनके साथियों ने शराब के लिए पैसे मांगे.
पैसे देने से इंकार करने पर आरोपियों ने पत्रकार के साथ मारपीट की. मामले में फरियादी की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी, जांच के दौरान मुख्य आरोपी शुभम चौकसे और उसके साथी निहाल धुरिया को 13 अगस्त को गिरफ्तार कर जेल भेजा था. वहीं फरार चल रहे आरोपी कुणाल पंवार और राहुल उर्फ इंजीन को पुलिस ने गुरुवार को पकड़कर जेल भेज दिया. शुभम और कुणाल से पुलिस ने दो चाकू भी जब्त किए हैं.
