
छतरपुर। पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी में नगर एवं ग्राम रक्षा समितियों की बैठकें हुईं। इन बैठकों में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और स्वेच्छा से समिति की सदस्यता ली।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि समिति के सदस्य शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अफवाहों पर रोक लगाने और किसी भी आपत्तिजनक घटना की तुरंत सूचना पुलिस को देंगे। उन्हें बाढ़, आंधी-तूफान और बिजली गिरने जैसी आपदाओं से बचाव की जानकारी भी दी गई।
समिति सदस्यों को अपराध रोकथाम, गश्त, यातायात व्यवस्था, चुनाव और त्योहारों में सहयोग जैसे कामों की जिम्मेदारी समझाई गई। उन्हें संदिग्ध लोगों और गतिविधियों की पहचान कर पुलिस को बताने के लिए भी प्रेरित किया गया।
प्रशिक्षण के बाद सदस्यों को यूनिफॉर्म, पहचान पत्र और जरूरी सामग्री दी गई। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे समाज में आपसी भाईचारा बनाए रखें और पुलिस का सहयोग करें, ताकि त्योहार शांति से मनाए जा सकें।
