असद ने इजरायल से सीरिया में तनाव कम करने के प्रयासों पर चर्चा की

दमिश्क, 20 अगस्त (वार्ता) सीरिया के विदेश मामलों के प्रमुख असद हसन अल-शिबानी ने मंगलवार को पेरिस में इज़रायल के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ दक्षिणी सीरिया में तनाव कम करने और स्थिरता को मज़बूत करने के प्रयासों पर चर्चा की।

सीरिया की सरकारी समाचार एजेंसी सना ने यह जानकारी दी है।

सना ने बताया कि श्री अल-शिबानी और इज़रायली प्रतिनिधिमंडल ने तनाव कम करने, सीरिया के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप न करने और 1974 के उस विघटन समझौते को पुनर्जीवित करने पर ध्यान केंद्रित किया जो दशकों से सीमा पर लागू है। उन्होंने बताया कि उनकी बातचीत में देश के दक्षिण में एक विवादास्पद क्षेत्र स्वेदा प्रांत में युद्धविराम की निगरानी के तरीकों पर भी चर्चा हुई।

उन्होंने बताया कि अमेरिकी मध्यस्थता में हुई यह बैठक सीरिया की क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा और क्षेत्रीय सुरक्षा को बढ़ावा देने के व्यापक कूटनीतिक प्रयासों का हिस्सा है।

श्री अल-शिबानी ने इस महीने की शुरुआत में अम्मान में जॉर्डन के विदेश मंत्री अयमान सफादी और सीरिया में अमेरिका के विशेष दूत थॉमस बैरक से मुलाकात की थी।

रिपोर्ट के अनुसार तीनों नेताओं ने एक सीरियाई-जॉर्डन-अमेरिका कार्य समूह बनाने पर सहमति व्यक्त की, जिसका उद्देश्य स्वेदा युद्धविराम को बनाए रखने के लिए दमिश्क के प्रयासों का समर्थन करना और देश के संकट के व्यापक समाधान की दिशा में काम करना है।

उल्लेखनीय है कि दिसंबर में बशर अल-असद की सरकार के पतन के बाद इज़रायल ने दोनों देशों के बफर ज़ोन में सेना तैनात कर दी जो इज़रायल-नियंत्रित गोलान हाइट्स और सीरिया के बीच एक असैन्यीकृत क्षेत्र है।

 

Next Post

प्रकृति संरक्षण ही जीवन का आधार

Wed Aug 20 , 2025
इंदौर: देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के आईईटी सभागृह में आयोजित प्रकृति संवाद समारोह में प्रख्यात चिंतक के.एन. गोविंदाचार्य ने कहा कि जल, जीवन, जंगल, जानवर और जन का संतुलित विकास ही मानवता का भविष्य सुरक्षित रखेगा. उन्होंने कहा कि प्रकृति का उपयोग जीवन जोड़ने के लिए होना चाहिए, तोड़ने के लिए […]

You May Like