रायपुर 22 जनवरी (वार्ता) छत्तीसगढ़ के पीएससी घोटाले मामले में साय सरकार ने पीएससी की परीक्षा नियंत्रक और उप परीक्षा नियंत्रक को गिरफ्तार करने की अनुमति केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को दे दी है। अब जल्द ही सीबीआई आरती वासनिक और ललित गणवीर की गिरफ्तारियां करेगी।
पीएससी घोटाले मामले में पिछले महीने सीबीआई ने कार्रवाई करते हुए पूर्व अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी को गिरफ्तार किया था। इसके बाद परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक की गिरफ्तारी की चर्चा थी, लेकिन बाद में पता चला कि सीबीआई पूछताछ के लिए उन्हें राजनांदगांव से लेकर रायपुर आई थी लेकिन बाद में उन्हें छोड़ दिया था।
दरअसल पूर्व परीक्षा नियंत्रण आरती वासनिक छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा की अधिकारी है। वही उप परीक्षा नियंत्रक ललित गणवीर भी पीएससी के अफसर है। इस लिए सीबीआई बिना सरकार की अनुमति मिले उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकती थी।
पर राज्य सरकार की अनुमति मिलने के बाद अब उक्त दोनों अधिकारियों की गिरफ्तारी तय मानी जा रही है।
