लंदन, 25 जुलाई (वार्ता) अगले महीने पाकिस्तान के ख़िलाफ़ टेस्ट सीरीज़ के लिए अंतरिम तौर पर जो रूट इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान और मार्कस ट्रेस्कोथिक इंग्लैंड के टेस्ट कोच बन सकते हैं। हालांकि ईसीबी ने दोनों ही पदों के लिए अभी अंतिम निर्णय नहींं लिया है। इंग्लैंड के प्रबंध निदेशक रॉब की इस समय नए टेस्ट कोच के लिए भर्ती प्रक्रिया चला रहे हैं और इस सप्ताह उन्होंने इस पद के लिए संभावित दावेदारों से चर्चा भी की है, जिसमें स्टीवन फ़्लेमिंग, जॉनाथन ट्रॉट, रिचर्ड डॉसन और टॉम मूडी शामिल हैं। जब ब्रेंडन मैकुलम को टेस्ट कोच की भूमिका से हटाया गया था तब ईसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिचर्ड गोल्ड ने कहा था कि इस रिक्त पद को 19 अगस्त से शुरू हो रहे पाकिस्तान के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट से पहले भरने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि उन्होंने इस संभावना को खुला रखा कि कोई अंतरिम कोच यह ज़िम्मेदारी संभाल सकता है। ऐसी स्थिति में ट्रेस्कोथिक जो कि मैकुलम के सहायक की भूमिका में थे, उनके कार्यवाहक कोच बनने की संभावना है। नए कोच को नियुक्त किए जाने की समयसीमा इस बात पर निर्भर करेगी कि ईसीबी का पसंदीदा उम्मीदवार इस समय कहीं और अनुबंध पर है या नहीं। चेन्नई सुपर किंग्स और अफ़ग़ानिस्तान के साथ अपनी भूमिकाओं से मुक्त होने के बाद फ़्लेमिंग और ट्रॉट दोनों ही इस समय उपलब्ध हैं। लेकिन डॉसन ग्लेमॉर्गन के मुख्य कोच हैं जबकि मूडी लखनऊ सुपर जायंट्स के ग्लोबल डायरेक्टर ऑफ़ क्रिकेट के तौर पर काम कर रहे हैं।
ईसीबी द्वारा शुरुआत में इस पद के लिए चिन्हित किए गए उम्मीदवारों में सबसे ऊपर रहे एंडी फ़्लावर ने पिछले सप्ताह ख़ुद को इस दौड़ से अलग कर लिया था। उन्होंने फ्रेंचाइज़ी क्रिकेट में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और लंदन स्पिरिट के साथ काम जारी रखने की इच्छा जताई। ईसीबी संभावित जॉब-शेयर पर भी विचार करने के लिए तैयार है, हालांकि इसे धरातल पर लागू करना इतना आसान नहीं होगा।
इंग्लैंड ने यह स्पष्ट कर दिया है कि फ़िलहाल उनकी प्राथमिकता अगली गर्मियों में ऑस्ट्रेलिया को हराना है। एशेज शुरू होने से पहले इंग्लैंड को 10 टेस्ट मैच खेलने हैं, जिसमें घरेलू मैदान पर तीन पाकिस्तान के ख़िलाफ़ (अगस्त-सितंबर), तीन दक्षिण अफ़्रीका में (दिसंबर-फ़रवरी), दो बांग्लादेश में (फ़रवरी), मेलबर्न में 150वीं सालगिरह टेस्ट (मार्च में) और घर पर मई में बांग्लादेश के ख़िलाफ़ एक टेस्ट शामिल हैं।
द एथलेटिक ने शुक्रवार को यह रिपोर्ट किया कि रूट को 2027 के एशेज तक के लिए टेस्ट कप्तान बनाया जा सकता है। ईसीबी का कहना है कि इस संबंध में अभी कोई फ़ैसला नहीं लिया गया है लेकिन इस समय वह पाकिस्तान के ख़िलाफ़ पहले टेस्ट में टीम की अगुवाई करने की दौड़ में सबसे आगे हैं। 35 वर्षीय रूट 2017 से 2022 तक इंग्लैंड के पूर्णकालिक टेस्ट कप्तान थे। उन्होंने 65 टेस्ट में इंग्लैंड की अगुवाई की है और उनकी कप्तानी में इंग्लैंड ने 27 मैच जीते जबकि 27 में उन्हें हार मिली। लेकिन पिछले 18 टेस्ट मैचों में कप्तानी करते हुए रूट को एक ही जीत हासिल हुई है। बेन स्टोक्स की अनुपस्थिति में पिछले महीने द ओवल में उन्होंने कप्तानी की और इंग्लैंड की 253 रनों से हार के बावजूद उन्होंने कहा कि कप्तान के रूप में वापस आते हुए उन्होंने इस भूमिका का काफ़ी लुत्फ़ उठाया। समाधान यह हो सकते हैं कि हैरी ब्रूक को तीनों प्रारूप में एशेज तक के लिए कप्तान बनाया जाए या फिर ब्रूक को टेस्ट कप्तान बनाते हुए किसी अन्य खिलाड़ी को सफ़ेद गेंद के किसी एक या दोनों प्रारूप में कप्तानी दी जा सकती है। या फिर जेकब बेथेल (जो कि अभी चोटिल हैं) जैसे किसी कम अनुभव वाले खिलाड़ी को टेस्ट कप्तान बनाते हुए दांव खेला जा सकता है और ब्रूक सफ़ेद गेंद के दोनों प्रारूप में कप्तान बने रहें। ब्रूक की अगुवाई में ही हाल ही में इंग्लैंड ने घर पर भारत को टी 20 में 4-0 और वनडे सीरीज़ में 2-1 से मात दी थी।

