बिश्नोई गैंग के नाम पर व्यापारी से 5 करोड़ की मांगी फिरौती

इंदौर. किशनगंज थाना क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित व्यापारी को कुख्यात गैंग के नाम पर 5 करोड़ रुपये की फिरौती के लिए धमकाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बदमाशों ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताकर दहशत फैलाने की कोशिश की. तीन अलग-अलग मोबाइल नंबरों से व्हाट्सएप कॉल कर रकम न देने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई.

जानकारी के मुताबिक किशनगंज क्षेत्र में रहने वाले व्यापारी को अज्ञात बदमाशों ने इंटरनेट कॉलिंग के जरिए संपर्क किया. कॉल करने वालों ने खुद को बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताते हुए सीधे 5 करोड़ रुपये की मांग रखी और कहा कि रकम नहीं देने पर जान-माल को नुकसान पहुंचाया जाएगा. घबराए व्यापारी ने तुरंत परिजनों को सूचना दी और बाद में थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. मामले की गंभीरता को देखते हुए देहात पुलिस ने साइबर सेल को जांच में लगाया है. जिन तीन मोबाइल नंबरों से कॉल किए गए, उनकी कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाली जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कॉल भारत से की गई हैं या वर्चुअल नंबरों के जरिए विदेश से डराने की कोशिश की जा रही है. जांच में यह आशंका भी जताई जा रही है कि कहीं यह किसी स्थानीय बदमाश गिरोह की साजिश तो नहीं, जो बड़े नाम का इस्तेमाल कर व्यापारी को डराने का प्रयास कर रहा हो. पुलिस यह भी देख रही है कि जिन नंबरों से कॉल आए हैं, वे किन लोगों के नाम पर रजिस्टर्ड हैं और क्या उनके लिए फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल हुआ है.

सुरक्षा को देखते हुए पीड़ित व्यापारी और उसके परिवार की निगरानी बढ़ा दी गई है. एसपी देहात यांगचेन भूटिया का कहना है कि साइबर सेल की टीमें लगातार नंबरों को ट्रेस कर रही हैं और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा. फिलहाल किसी ठोस आरोपी की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन हर एंगल से जांच तेज कर दी गई है.

Next Post

कोयलखूंथ में बाइक-ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत

Fri Feb 13 , 2026
सिंगरौली । हमेशा की तरह एक बार फिर क्षत्रिय कुलावंत संगठन ने घायलों को अस्पताल पहुंचाकर मानवता की मिसाल पेश की है। माड़ा थाना क्षेत्र के कोयलखूंथ में आज दिन शुक्रवार को बाइक और ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे […]

You May Like