
इंदौर. एरोड्रम इलाके में एक महिला कॉन्स्टेबल ने बुधवार रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. प्रारंभिक जांच में मामला मानसिक तनाव और निजी संबंधों में चल रहे विवाद से जुड़ा सामने आया है. पुलिस ने मौके से जांच शुरू कर शव को जिला अस्पताल पहुंचाया.
घटना एरोड्रम क्षेत्र के शुभम नगर की है, जहां डीआरपी लाइन में तैनात 28 वर्षीय महिला कॉन्स्टेबल का शव देर रात फंदे पर लटका मिला. जानकारी मिलते ही पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच के बाद शव को जिला अस्पताल भिजवाया. थाना प्रभारी वरुण सिंह भाटी ने बताया कि महिला कॉन्स्टेबल मूल रूप से बिहार के मुंगेर की रहने वाली बताई गई है. कुछ समय पहले पति की मौत के बाद उन्हें अनुकंपा नियुक्ति मिली थी. परिजन और सहकर्मियों के अनुसार पति की मृत्यु के बाद से ही वह तनाव में रहती थी. जांच में सामने आया कि वह पिछले तीन साल से एक अन्य पुलिसकर्मी के साथ लिव-इन में रह रही थी. दोनों का रिश्ता सामान्य चल रहा था और जल्द शादी करने की भी बात थी, लेकिन मंगलवार-बुधवार की रात दोनों के बीच किसी मुद्दे पर कहासुनी हुई थी. रात में साथी घर से बाहर टहलने चला गया और इसी दौरान महिला ने फांसी लगा ली. रात करीब उसी समय साथी ने घर लौटकर घटना देखी और पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर लिया है और सभी बयानों, विवाद के कारणों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है.
