मानसा, 24 फरवरी (वार्ता) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को कहा कि अकाली और कांग्रेस के दशकों के शासन ने जानबूझकर पंजाब के बच्चों को अशिक्षित रखा, जबकि राजनीतिक परिवार फलते-फूलते रहे।
श्री मान ने सरदूलगढ़ में एक सरकारी आईटीआई की आधारशिला रखने के बाद एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा अब चुनावी सपनों को पूरा करने के लिए अन्य पार्टियों से दलबदल करने वालों पर निर्भर है, लेकिन पंजाब ने एक अलग रास्ता चुना है। उन्होंने घोषणा की कि आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार के नेतृत्व में पंजाब विकास के एक नये इंजन पर चल रहा है, जबकि भाजपा, अकाली दल और कांग्रेस के इंजन पुराने हो चुके हैं और राज्य को आगे बढ़ाने में असमर्थ हैं। इस आईटीआई में प्रति वर्ष 240 छात्र प्रशिक्षित होंगे।
श्री मान ने कहा, “ अकाली दल स्वयं एक डायनासोर है, जिसने राज्य और उसकी जनता को लूटा है। जहां आम आदमी सरकार पंजाबी युवाओं को डॉक्टर और इंजीनियर बनाकर भविष्य की जरूरतों के लिए तैयार करने के लिए अथक प्रयास कर रही है, वहीं अकाली दल उन्हें राज्य में डायनासोर युग में वापस धकेलने पर तुला हुआ है। ”
अकाली दल की पंजाब बचाओ यात्रा पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पार्टी के इस हथकंडे का असली नाम ‘परिवार बचाओ यात्रा’ है। उन्होंने कहा, “ मैं अकाली नेताओं को चुनौती देता हूं कि वे बताएं कि 15 साल तक राज्य को लूटने के बाद वे किससे राज्य को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। जनता ने अकाली दल को चुना था, लेकिन उन्होंने हमेशा राज्य और उसकी जनता को धोखा दिया।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब पूरा किसान समुदाय अपने अधिकारों के लिए लड़ रहा था, तब अकाली दल ने केंद्रीय मंत्रालय में अपनी कुर्सी बचाने के लिए मोदी सरकार के कठोर कृषि कानूनों का समर्थन किया था। उन्होंने कहा कि अकाली दल ने अपने स्वार्थों के लिए पंथ का दुरुपयोग किया है, जिसके कारण जनता उन्हें माफ नहीं कर सकती। भाजपा पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि भगवा पार्टी चुनाव जीतने की उम्मीद में अन्य दलों के ‘निकम्मे नेताओं’ के सहारे चुनाव लड़ रही है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए राज्य में 118 प्रतिष्ठित विद्यालय स्थापित किये गये हैं और शिक्षकों को उनके शिक्षण कौशल को बेहतर बनाने के लिए फिनलैंड और सिंगापुर में प्रशिक्षण के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा, “ पंजाब के 90 प्रतिशत से अधिक घरों में मुफ्त बिजली मिल रही है, यहां तक कि किसानों को भी आज दिन में बिजली मिल रही है, जो अभूतपूर्व है। ऐसे समय में जब केंद्र सरकार देश की संपत्तियों को अपने चहेतों को कौड़ियों के भाव बेच रही है, पंजाब सरकार ने एक निजी थर्मल पावर प्लांट खरीदकर इतिहास रच दिया है। ”
खाद्य एवं पोषण सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए, राज्य सरकार ने ‘मेरी रसोई योजना’ शुरू की है। उन्होंने कहा, “ इस योजना के तहत 40 लाख परिवारों को अप्रैल से शुरू होकर हर तीन महीने में मुफ्त खाद्य किट मिलेंगी, साथ ही राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत गेहूं भी दिया जाएगा। ”
