
श्योपुर। विजयपुर क्षेत्र में छिमछिमा हनुमान मंदिर के पास आज दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में मृत युवक की पहचान जीतू रावत (पिता गोपी रावत), निवासी दोर्द गांव के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल युवकों की पहचान उपेंद्र रावत (24 वर्ष), पिता धर्मवीर रावत, निवासी हुल्लपुर, राहुल रावत (20 वर्ष), पिता गिर्राज रावत, निवासी बागरौद के रूप में हुई है। घायलों की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है।
युवक की मौत की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची जिला अस्पताल में हंगामा भड़क उठा। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। करीब एक घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। आरोप है कि ड्यूटी डॉक्टर के साथ मारपीट की गई, अस्पताल के चिकित्सीय उपकरण तोड़े गए, मौके पर पहुंची पुलिस टीम को भी खदेड़ दिया गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए हालात पूरी तरह बेकाबू हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अस्पताल में हुई तोड़फोड़ और मारपीट के मामले में भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
हादसे के बाद से छिमछिमा और आसपास के गांवों में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग की है। एक पल की लापरवाही ने एक घर का चिराग बुझा दिया और कई परिवारों को सदमे में डाल दिया।
