युवक की पहचान सोनू खान के रूप में हुई है।
लोनी सहायक पुलिस आयुक्त श्री राम किशन ने शुक्रवार को बताया कि कल रात करीब नौ बजे लोनी थाना प्रभारी को सूचना मिली कि चिरौड़ी मार्केट में इंडियन ओवरसीज बैंक के सामने सोनू खान को गोली लगी है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी जुटाई। वहीं थाना प्रभारी लोनी भी जीटीबी अस्पताल पहुंचे, जहां घायल युवक को उसके परिजन उपचार के लिए लेकर गए थे।
अस्पताल में मौजूद परिजनों ने पुलिस को बताया कि सोनू खान को अस्पताल लाने के बाद उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली और उनकी शिकायत के आधार पर तहरीर प्राप्त की। परिजनों ने अपनी शिकायत में शोएब और अन्य लोगों के खिलाफ आरोप लगाए हैं।
पुलिस द्वारा मामले में प्राप्त शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज करने और अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। हालांकि, वारदात को अंजाम देने के पीछे की वजह क्या थी और गोली किस परिस्थिति में चलाई गई, इस संबंध में अभी आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल शोएब से पूछताछ और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना में अन्य लोगों की भूमिका और वारदात के पीछे के कारणों को लेकर पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
