
ग्वालियर। भारत विकास परिषद मध्य भारत उत्तर प्रांत की प्रांतीय कार्यशाला ‘सृजन’ ग्वालियर शाखा के आतिथ्य में शीतला सहाय सभागार ग्वालियर में हुई। मुख्य अतिथि प्रहलाद सबनानी विभाग संघ संचालक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने कहा कि भारत को अपनी चित्ति के अनुसार कार्य करना चाहिए परन्तु हम अपने मूल स्वभाव को भूल गए है। लव जिहाद को हमे गंभीरता से लेना चाहिए। मुख्य अतिथि द्वारा संपर्क पत्रिका का विमोचन भी किया गया । उन्होंने कहा कि व्यक्ति के अंदर निर्णय लेने की क्षमता, एक दृढ़ता, एक सकारात्मक सोच, सामाजिक समरसता होनी चाहिए , भाषा बहुत ही सुदृढ़ और अंदर से इच्छा शक्ति, जिसमें राष्ट्र निर्माण, परिवार निर्माण का दृढ़ संकल्प होना चाहिए ।
क्षेत्रीय महासचिव सुधीर अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में भारत विकास परिषद् की कार्यशाला की उपयोगिता और शाखा संचालन पद्वति के बारे में बताया। हम सामूहिक निर्णय लें, यदि कोई सदस्य अच्छे सुझाव देता तो उसको गंभीरता से ले, परिषद में छोटी छोटी बातों का ध्यान दे बड़े उद्देश्य लेकर चलें।
क्षेत्रीय महासचिव एवं शपथ विधि अधिकारी अनूप अग्रवाल ने कहा कि हमारा मुख्य उद्देश्य सेवा को राष्ट्रनिर्माण से जोड़ना होना चाहिए। परिषद एक संस्था नहीं एक विचारधारा है। हमे समाज की रचनात्मक ऊर्जा को सदुपयोग करना चाहिए। अनूप अग्रवाल द्वारा सभी प्रांतीय पदाधिकारियों को दायित्व ग्रहण कराया गया। प्रांतीय कार्यशाला के संयोजक जीके सूरी ने कार्यशाला के बारे में बताया। इस अवसर पर महिला सहभागिता प्रमुख नेशनल प्रोजेक्ट मेंबर सुश्री संदीप मल्होत्रा ने महिलाओं के लिए अपने विचार रखे।
