
सीधी । अवैध उत्खनन पर कलेक्टर ने जांच के निर्देश दिए हैं। मामला नकबेल में अवैध उत्खनन का है, कलेक्टर के निर्देश पर छूटे खसरे की जांच के लिए एसडीएम दल गठित करेंगे।
कलेक्टर विकास मिश्रा द्वारा 29 जुलाई को जारी पत्र में विशेष रूप से खसरा नंबर 1439/3/1/1/2/4/1 का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि यह खसरा अवैध उत्खनन क्षेत्र के मध्य स्थित है लेकिन इस पर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की गई। खनिज शाखा के पत्र के अनुसार नकबेल क्षेत्र में अवैध उत्खनन एवं अवैध खनिज परिवहन की शिकायत पर संयुक्त जांच कर प्रकरण दर्ज किया गया था तथा संबंधित लोगों को कारण बताओ सूचना पत्र भी जारी किए गए थे। इसके बाद प्रकाशित समाचारों में कार्रवाई को त्रुटिपूर्ण बताते हुए उक्त खसरे पर कार्रवाई नहीं किए जाने का मामला सामने आया। कलेक्टर ने एसडीएम चुरहट को निर्देशित किया है कि शिकायत में उल्लेखित सभी बिंदुओं की जांच के लिए दल गठित कर विस्तृत जांच कराई जाए और नियमानुसार कार्रवाई करते हुए स्वयं के स्पष्ट अभिमत के साथ जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए। प्रभारी जिला खनिज अधिकारी को जांच की निर्धारित तिथि पर खनिज टीम भेजना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यह कार्रवाई सामने आने के बाद अब सवाल उठ रहा है कि आखिर प्रारंभिक जांच में अवैध उत्खनन क्षेत्र के मध्य स्थित खसरा नं. 1439/3/1/1/2/4/1 को कार्रवाई से बाहर कैसे रखा गया। यदि दोबारा जांच में यहां भी अवैध उत्खनन की पुष्टि होती है तो संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई तय होना माना जा रहा है।
००
कार्रवाई में छूट गया था अवैध उत्खनन क्षेत्र का एक हिस्सा
जिला खनिज अधिकारी द्वारा कलेक्टर को भेजी गई कार्रवाई के बाद सामने आए मामले में यह स्पष्ट हुआ कि अवैध उत्खनन वाले क्षेत्र का एक हिस्सा जांच में छूट गया था। कलेक्टर ने अब छूटे हुए क्षेत्र समेत शिकायत में उल्लेखित सभी बिंदुओं की दोबारा जांच के निर्देश दिए हैं।
००
पटवारी की भूमिका भी बनी संदिग्ध
प्रारंभिक कार्रवाई में मौके की जानकारी देने वाले हल्का पटवारी की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि जांच टीम को पूरी जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई, जिसके कारण एक खसरा कार्रवाई से बाहर रह गया। अब कलेक्टर के निर्देश पर होने वाली विस्तृत जांच में राजस्व अमले की भूमिका भी स्पष्ट होने की उम्मीद है।
००
इनका कहना है
कलेक्टर महोदय पत्र प्राप्त हुआ है, जांच के लिये तहसीलदार को निर्देशित किया गया है। जैसे ही जांच रिपोर्ट आएगी वैसे ही कलेक्टर को तुरंत भेजूंगा ।
अजय शर्मा, एसडीएम चुरहट
००००००००००००००
