कीव, 07 सितंबर (वार्ता) अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और उनके दामाद जैरेड कुश्नर ने सोमवार को यहां यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की के अधिकारियों के साथ वार्ता की। वार्ता का उद्देश्य रूस-यूक्रेन के बीच बातचीत दोबारा शुरू करना है।
यूक्रेन यात्रा से पहले श्री विटकॉफ और श्री कुश्नर रूस की राजधानी मॉस्को में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिले थे, जहां दोनों पक्षों के बीच तीन घंटे की बैठक हुई थी। यह दोनों पक्षों के साथ महीनों की बातचीत और श्री पुतिन के साथ कई बैठकों के बाद श्री विटकॉफ और श्री कुश्नर की पहली यूक्रेन यात्रा है। यह अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कार्यकाल शुरू होने के बाद किसी अमेरिकी अधिकारी की पहली यूक्रेन यात्रा भी है।
क्रेमलिन के सहायक यूरी उशाकोव ने श्री पुतिन के साथ अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की बैठक को “उपयोगी” बताते हुए कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने यात्रा की गंभीर तैयारी की थी और लड़ाई जल्द समाप्त करने के लिए संभावित रास्तों पर कई सुझाव रखे। अमेरिका के राष्ट्रपति कार्यालय के एक अधिकारी ने कहा कि अमेरिका और रूस ने कूटनीतिक प्रक्रिया के अगले चरण के लिए ठोस योजनाओं पर भी चर्चा की है, जिनकी घोषणा आने वाले सप्ताहों में की जाएगी।
श्री ज़ेलेंस्की ने यूक्रेन में हुई बैठक में युद्ध के शीत ऋतु में जारी रहने की संभावना की तैयारियों पर चर्चा की। श्री विटकॉफ और श्री कुश्नर ने इस बात पर जोर दिया कि वे सर्दियों से पहले युद्ध का समाधान चाहते थे।
विटकॉफ और कुशनर ने ज़ेलेंस्की और उनके सीनियर सलाहकारों के साथ दो बैठकें कीं। तीसरी बैठक में यूके, फ्रांस और जर्मनी के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों ने भी हिस्सा लिया। ज़ेलेंस्की के साथ अपनी दूसरी बैठक के बाद, ट्रंप के दूतों ने कहा कि वे “अहम बातचीत से उत्साहित” थे और आगे और प्रगति की उम्मीद कर रहे थे। यूक्रेन में रविवार की बातचीत में शामिल एक दूसरे सूत्र ने बताया कि बैठकें “अच्छी रहीं” और श्री विटकॉफ तथा श्री कुशनर शांति के एक “नये” प्रस्ताव पर सभी पक्षों के साथ मिलकर काम करना चाहते थे।
