
रीवा, रीवा जिले के गुढ़ क्षेत्र अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल बदबार से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. स्कूल के क्लासरूम में पढ़ाई के लिए लगाई गई स्मार्ट टीवी पर भोजपुरी गाना कमरिया डोले डोले डोले राजा जी बजाकर छात्रों द्वारा ठुमके लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि छात्र छात्राएं कक्षा के अंदर बिना किसी डर या रोक टोक के फिल्मी गाने की धुन पर नाच रहे हैं.
जिस समय यह घटना हुई उस दौरान कक्षा में कोई भी शिक्षक मौजूद नहीं था. पढ़ाई के संसाधनों का ऐसा दुरुपयोग देखकर क्षेत्र के लोगों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है. वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही विद्यालय प्रशासन और वहां पदस्थ शिक्षकों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं. लोगों का कहना है कि सरकारी पैसों से छात्रों की डिजिटल शिक्षा के लिए लगाई गई टीवी का उपयोग मनोरंजन के लिए कैसे हो रहा है क्लास में जब बच्चे डांस कर रहे थे तब स्कूल के प्राचार्य और जिम्मेदार शिक्षक कहां थे क्या शासकीय स्कूलों में अनुशासन नाम की कोई चीज़ नहीं बची है. इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों ने शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले को संज्ञान लेने और दोषी शिक्षकों व प्राचार्य के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है.
