लाहौर 28 जनवरी (वार्ता) ऑफ स्पिन ऑलराउंडर मोईन अली ने घरेलू क्रिकेट से संन्यास का अपना फैसला वापस ले लिया है और वह आगामी टी-20 ब्लास्ट में यॉर्कशायर के लिए खेलेंगे।
क्लब ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि मोईन अली ने 2026 सीजन के लिए केवल ब्लास्ट के साथ अनुबंध पर हस्ताक्षर किये है। इसे 2027 तक भी बढाया जा सकता है। मोईन ने 420 टी-20 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 7,792 रन बनाए हैं और 271 विकेट लिए हैं।
अपने फैसले को लेकर मोईन ने कहा, “मैं ब्लास्ट के लिए यॉर्कशायर से जुड़कर बहुत खुश हूं। यह एक बहुत बड़ा क्लब है जिसका गौरवशाली इतिहास है, लेकिन जो बात मुझे सबसे अधिक पसंद आई, वह यह है कि टीम किस दिशा में जा रही है।”
उन्होंने कहा, “टीम में बहुत टैलेंट है और एंथनी के साथ काम करने और ग्रुप को आगे बढ़ाने में मदद करने का मौका मेरे लिए रोमांचक है। मुझे हमेशा हेडिंग्ले में खेलना पसंद आया है। विकेट, माहौल और सपोर्टर्स इसे एक खास जगह बनाते हैं। यह एक नई चुनौती जैसा लगता है और मैं इसके लिए पूरी तरह तैयार हूं। मैं अपना अनुभव लाना चाहता हूं, अपने क्रिकेट का आनंद लेना चाहता हूं और यॉर्कशायर को मुकाबला करने में मदद करना चाहता हूं।”
