
सीधी। प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा के लिए बुधवार को दिल्ली से वर्चुअल समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के अंतर्गत चिन्हित जिलों में संचालित गतिविधियों की प्रगति, विभागीय समन्वय, पोर्टल पर जानकारी दर्ज करने तथा योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना के अंतर्गत निर्धारित गतिविधियों एवं लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा किया जाए। योजना से संबंधित सभी जानकारियां पोर्टल पर नियमित रूप से और अद्यतन स्थिति में दर्ज की जाएं ताकि योजना की प्रगति की प्रभावी मॉनीटरिंग की जा सके। अधिकारियों को विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए कमियों को दूर करने तथा लक्ष्यों की पूर्ति के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर विकास मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना के अंतर्गत चिन्हित सभी 100 जिलों के बीच बेहतर समन्वय एवं अनुभवों के आदान-प्रदान की आवश्यकता है। इसके लिए समय-समय पर ओरिएंटेशन प्रोग्राम आयोजित किए जाएं, जिसमें जिलों द्वारा किए जा रहे नवाचारों, सफल कार्यप्रणालियों एवं बेस्ट प्रैक्टिसेज को साझा किया जाए। उन्होंने कहा कि एक जिले में प्रभावी ढंग से किए जा रहे कार्यों को अन्य जिले भी अपनाएं, जिससे योजना के परिणामों को व्यापक स्तर पर बेहतर बनाया जा सके। कलेक्टर ने कहा कि योजना का उद्देश्य केवल निर्धारित गतिविधियों की पूर्ति तक सीमित न रहे बल्कि इसके माध्यम से चिन्हित जिलों में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों के विकास को गति देते हुए किसानों की आय और उत्पादकता बढ़ाने की दिशा में ठोस परिणाम प्राप्त किए जाएं। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और मैदानी स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की निरंतर समीक्षा करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए व पोर्टल पर जानकारी दर्ज करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
००००००००००
