जम्मू- कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग पर खरगे राहुल ने लिखा मोदी को पत्र

नयी दिल्ली, 16 जुलाई (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोक सभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर जम्मू -कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने और लद्दाख को संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने के लिए विधेयक लाने की मांग की है।
श्री खरगे और श्री गांधी ने कहा कि जम्मू- कश्मीर की जनता पिछले पांच साल से लगातार पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की अपनी वैध, संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकारों की मांग कर रही है। यह पहली बार हुआ है जब किसी राज्य का दर्जा कम कर उसे केंद्रशासित प्रदेश में बदला गया है।
कांग्रेस नेताओं ने सरकार से आग्रह किया है कि वह मानसून सत्र में संसद में एक विधेयक लाकर जम्मू -कश्मीर का पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करे। उन्होंने इसके साथ ही लद्दाख को संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने के लिए भी विधेयक लाने का सरकार से अनुरोध किया है।
उन्होंने कहा कि लद्दाख को छठी अनुसूची में शामिल करने से वहां की जनता की सांस्कृतिक, विकासात्मक और राजनीतिक आकांक्षाओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण पहल साबित होगी और इससे वहां के लोगों के अधिकार, भूमि और पहचान की रक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।
जम्मू -कश्मीर को लेकर उन्होंने कहा कि पहले किसी भी सरकार ने किसी भी राज्य को केंद्रशासित प्रदेश में नहीं बदला है। इसके उलट केंद्र शासित प्रदेशों को राज्य का दर्जा दिया गया है लेकिन जम्मू -कश्मीर के मामले में सरकार ने अभूतपूर्व काम किया है और अब उसका राज्य का दर्जा बहाल करना आवश्यक हो गया है।
उन्होंने श्री मोदी को संबोधित पत्र में कहा कि उन्होंने पहले कई बार जम्मू -कश्मीर को राज्य का दर्जा वापस देने वादा किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि संसद के इसी सत्र में जम्मू-कश्मीर के लोगों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करते हुए जम्मू -कश्मीर को राज्य का दर्जा मिल जाएगा।

Next Post

राष्ट्रीय युवा शेफ प्रतियोगिता में दिखेगी देश की पाककला की विरासत

Wed Jul 16 , 2025
नयी दिल्ली, 16 जुलाई (वार्ता) पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीएचडीसीसीआई) ने पर्यटन मंत्रालय के सहयोग से बुधवार को राष्ट्रीय युवा शेफ प्रतियोगिता (एनवाईसीसी) का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य देश भर के आतिथ्य क्षेत्र के फाइनल ईयर के छात्रों में उत्कृष्ट पाककला प्रतिभाओं की खोज, मार्गदर्शन और […]

You May Like