इंदौर:संपत्ति विवाद के बीच 76 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पिता की मौत के बाद बेटी पुलिस को लेकर उनके स्कीम-103 स्थित घर पहुंची और मामले की जांच की मांग की. बेटियों का आरोप है कि उनके पिता को अप्रैल से परिवार के कुछ लोगों ने उनसे दूर रखा था और इलाज भी ठीक से नहीं कराया. राजेंद्र नगर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है. रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच की जा रही है.
मृतक शिवकुमार सेठिया की बेटियों पामला सलूजा और श्रुति पोरवाल ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि भतीजे चिराग और उसकी मां पद्मा ने अप्रैल से शिवकुमार को बेटियों से मिलने नहीं दिया और उन्हें किसी गुप्त स्थान पर रखा था. बेटियों का कहना है कि बीमारी के बावजूद पिता का समुचित इलाज नहीं कराया गया, जिससे उनकी हालत बिगड़ती गई.
बेटियों ने मामले में दर्शना कुरील, नौकर विक्की साहू, निर्मल घुंघरू वर्मा, मुकेश सोनी और यश सोनी की भूमिका पर भी आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि करीब पांच साल पहले शिवकुमार ने पोते चिराग के खिलाफ धमकाने का मामला दर्ज कराया था. इसके अलावा उषानगर स्थित पुश्तैनी मकान को धोखे से बेचने का भी आरोप है. बेटियों के अनुसार इस संपत्ति से जुड़े मामले में स्टे लगा हुआ है और सोमवार को अदालत में सुनवाई होना थी, इससे पहले ही शिवकुमार की मौत हो गई. राजेंद्र नगर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सामने आए तथ्यों के आधार पर मौत के कारणों की जांच की जाएगी.
