किसानों की खुशहाली व बेहतरी के लिये सरकार ने प्रभावी कदम उठाए – मुख्यमंत्री

*मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्वालियर में बलराम जयंती पर आयोजित “किसान सम्मान समारोह” को किया वर्चुअली संबोधित*

ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि किसानों की बेहतरी व खुशहाली के लिये सरकार ने प्रभावी कदम उठाए हैं। सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, बिजली के बिल से बचाने के लिये कृषि सोलर पंप पर बड़ा अनुदान, कृषि आधारित उद्योगों को विशेष बढ़ावा व पशुपालन व डेयरी के लिये अनुदान सहित किसानों को केन्द्र व राज्य सरकार तमाम सुविधायें मुहैया करा रहीं हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को ग्वालियर में बलराम जयंती पर आयोजित हुए किसान सम्मान समारोह को वर्चुअल संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर सभी को कृषि के देवता हलधर भगवान बलराम जयंती की बधाई एवं शुभकामनायें दीं।

यहाँ कृषि विश्वविद्यालय के दत्तोपंत ठेंगड़ी सभागार में नंदलाल बाल कल्याण समिति द्वारा यह समारोह कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंषाना के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले सवा साल के भीतर प्रदेश में 7 लाख हैक्टेयर से अधिक सिंचाई रकबा बढ़ा है, जबकि वर्ष 2003 में प्रदेश में मात्र लगभग साढ़े 7 लाख हैक्टेयर में सिंचाई होती थी। इस प्रकार आजादी के बाद प्रदेश में जितना सिंचाई का रकबा था, उतनी सिंचाई सुविधा पिछले सवा साल में सरकार ने उपलब्ध करा दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2003 के बाद कुल मिलाकर 44 लाख हैक्टेयर सिंचाई का रकबा बढ़ाया गया है। इसमें लगातार बढ़ोत्तरी जारी है। इसी क्रम में केन बेतवा व पार्वती – काली सिंध नदी जोड़ो परियोजना से बुंदेलखंड व ग्वालियर-चंबल संभाग सहित प्रदेश के बहुत बड़े हिस्से में सिंचाई सुविधाओं का क्रांतिकारी विस्तार हो रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह भी कहा कि खेती में कम लागत आए, इसके लिये सरकार किसानों को तमाम सुविधायें मुहैया करा रही है। सरकार द्वारा किसानों को बिजली के बड़े बिल से बचाने के लिये 10 व 5 हॉर्स पॉवर के सोलर पंप पर 90 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा किसानों को खेती के लिये सरकार बिना ब्याज के कृषि ऋण उपलब्ध करा रही है। साथ ही इस साल सरकार ने देश में सबसे अधिक समर्थन मूल्य यानि 2600 रूपए प्रति क्विंटल के हिसाब से गेहूँ की खरीदी की है। आने वाले साल में इसमें और बढ़ोत्तरी की जायेगी।

*बीहड़ों में लगाई जायेगी नेपियर घास और उद्योग भी विकसित होंगे*

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसान सम्मान समारोह को वर्चुअल संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा बीहड़ों में नेपियर घास लगवाई जायेगी। साथ ही कृषि आधारित उद्योग विकसित करने के प्रयास भी होंगे। किसानों को उन्नत कृषि तकनीक व कृषि उपकरण उपलब्ध कराने के लिये सरकार व्यापक स्तर पर किसान मेलों का आयोजन भी करा रही है। इसी क्रम में जल्द ही मुरैना में वृहद किसान मेला आयोजित होगा, इससे ग्वालियर-चंबल अंचल के किसान लाभान्वित होंगे। उन्होंने ग्वालियर जिले में सुपर सीडर की बड़े पैमाने पर बोवनी एवं ड्रोन दीदियों के प्रशिक्षण की सराहना की। साथ ही कहा किसानों की खुशहाली के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दोनों सरकारें लगातार काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की तर्ज पर प्रदेश सरकार द्वारा भी मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना चलाई जा रही है। इन दोनों योजनाओं से प्रत्येक किसान के खाते में हर साल 10 हजार रूपए पहुँच रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह भी कहा कि सरकार कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने की कड़ी में दालों से टैक्स कम कर दाल कारखानों को विशेष प्रोत्साहन दे रही है। उन्होंने दुग्ध उत्पादन में बढ़ोत्तरी एवं नरवाई प्रबंधन के लिये सरकार जीवी द्वारा दिए जा रहे प्रोत्साहन के बारे में भी जानकारी दी।

Next Post

हर दिल में तिरंगा, हर घर में तिरंगा खण्डेलवाल ने दी स्वाधीनता दिवस की शुभकामनाएं

Thu Aug 14 , 2025
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमन्त खण्डेलवाल ने स्वाधीनता दिवस पर प्रदेशवासियों और कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तिरंगा हमारी शान और एकता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हर घर में तिरंगा फहराने का निर्णय अभूतपूर्व है, जो देशभक्ति की भावना को […]

You May Like

मनोरंजन