राष्ट्रीय युवा शेफ प्रतियोगिता में दिखेगी देश की पाककला की विरासत

नयी दिल्ली, 16 जुलाई (वार्ता) पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीएचडीसीसीआई) ने पर्यटन मंत्रालय के सहयोग से बुधवार को राष्ट्रीय युवा शेफ प्रतियोगिता (एनवाईसीसी) का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य देश भर के आतिथ्य क्षेत्र के फाइनल ईयर के छात्रों में उत्कृष्ट पाककला प्रतिभाओं की खोज, मार्गदर्शन और प्रदर्शन करना है।
मुख्य अतिथि पर्यटन मंत्रालय के अपर सचिव एवं महानिदेशक सुमन बिल्ला ने यहां पीएचडी हाउस में प्रतियोगिता का आधिकारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने देश की लुप्त होती पाक परंपराओं को संरक्षित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हमारी पाक विरासत सांस्कृतिक स्मृति और क्षेत्रीय तकनीकों पर आधारित है। हमें इन परंपराओं को सुदृढ़ करना होगा और वैश्विक उत्कृष्ट भोजन क्षेत्र में भारत की उपस्थिति का विस्तार करना होगा। उन्होंने युवा शेफ से रचनात्मक सोच अपनाने और अंतरराष्ट्रीय पाककला मंच पर आत्मविश्वास के साथ देश का प्रतिनिधित्व करने का आह्वान किया।
यह प्रतियोगिता भारतीय पाककला संघ (आईएफसीए) और पर्यटन एवं आतिथ्य कौशल परिषद (टीएचएससी) के सहयोग से एक संयुक्त प्रयास है। इसका विषय है, ‘भारतीय पाककला विरासत का उत्सव: परंपरा और नवाचार का मेल।’ इसमें पूरे भारत में क्षेत्रीय प्रतियोगितायें आयोजित की जाएंगी, जिनका समापन जनवरी 2026 में आईएचएम पूसा, नयी दिल्ली में एक भव्य समापन समारोह के साथ होगा।
जनवरी के फिनाले से पहले क्षेत्रीय चरण के चार कार्यक्रम होंगे। उत्तरी क्षेत्र का कार्यक्रम छह अगस्त 2025 को एआईएचएम, चंडीगढ़ में, पूर्वी क्षेत्र का 18 सितंबर 2025 को आईएचएम, कोलकाता में, पश्चिम क्षेत्र का नवंबर 2025 को आईएचएम, मुंबई में और दक्षिण क्षेत्र का 18 दिसंबर 2025 को आईएचएम, कोवलम में होगा।
मुख्य प्रतियोगिता के अलावा, एनवाईसीसी प्रत्येक क्षेत्रीय स्थल पर कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों के लिए करियर संबंधी जानकारी देने के लिए कार्यशालाओं का आयोजन करेगा। इसका उद्देश्य आतिथ्य शिक्षा में नामांकन में कमी को दूर करना है। साथ ही विद्यार्थियों को वर्तमान समय के अनुकूल पाककला करियर से परिचित कराया जाएगा।
पीएचडीसीसीआई की पर्यटन समिति के सह-अध्यक्ष राजन सहगल ने एनवाईसीसी को एक आंदोलन बताया जो उद्योग तथा शिक्षा जगत और युवाओं को भारतीय पाककला का जश्न मनाने के लिए एकजुट करता है।
आईएफसीए के अध्यक्ष डॉ. शेफ मंजीत गिल ने कहा कि एनवाईसीसी केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक पुनरुत्थान है। यह देश की विविध खाद्य विरासत को संरक्षित और आधुनिक बनाने का आह्वान है।
कार्यक्रम में शेफ सुधीर सिब्बल, शेफ अनिल ग्रोवर, राजन बहादुर (टीएचएससी), प्रो. कमल कांत पंत (आईएचएम पूसा), अमरजीत सिंह आहूजा (ली मेरिडियन) और पीएचडीसीसीआई की शालिनी एस. शर्मा मौजूद थीं। उन्होंने प्रतियोगिता का विस्तृत रोडमैप प्रस्तुत किया।
आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े 130 से ज्यादा संस्थानों की भागीदारी के साथ इस आयोजन को वीनस इंडस्ट्रीज, नेस्ले प्रोफेशनल, वाघ बकरी टी ग्रुप, क्रेमिका, मैक्केन फूड्स और कई अन्य प्रमुख भागीदारों का समर्थन प्राप्त है। विजेताओं को नकद पुरस्कार, इंटर्नशिप, अंतरराष्ट्रीय अनुभव और ‘सर्वश्रेष्ठ सस्टेनेबल डिश’ के लिए एक विशेष पुरस्कार मिलेगा।

Next Post

खुशखबरी! अब केवल आधे टोल टैक्स का भुगतान करें: NHAI ने FASTag को लेकर लिया बड़ा फैसला, इन 20 किमी के भीतर की यात्राओं पर मिलेगी छूट, जानें नया नियम

Wed Jul 16 , 2025
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने 20 किमी के दायरे में पड़ने वाले टोल प्लाजा के लिए जारी की नई गाइडलाइन; स्थानीय निवासियों और दैनिक यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत, FASTag के माध्यम से होगा लाभ। नई दिल्ली, 16 जुलाई, 2025 (वार्ता): भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने FASTag उपयोगकर्ताओं […]

You May Like