कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के दौरान बवाल, पार्टी का उपमुख्यमंत्री पर आरोप

भोपाल, मंदसौर, 17 मई (वार्ता) मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले की मल्हारगढ़ विधानसभा में आज कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन के दौरान मचे बवाल को लेकर पार्टी ने उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा पर आरोप लगाए हैं।
मल्हारगढ़ विधानसभा में पार्टी कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के दौरान एक कार्यकर्ता के कथित तौर पर हमले में घायल होने को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भारतीय जनता पार्टी और उपमुख्यमंत्री श्री देवड़ा को निशाने पर लिया है।
श्री पटवारी ने इसका वीडियो शेयर करते हुए कहा, ”लोकतंत्र को नकारने वाले खुलेआम ‘गुंडागर्दी’ कर हैं! सेना का खुला अपमान करने वाले उप मुख्यमंत्री के इशारे पर ही कांग्रेस सिपाहियों पर हमला हो रहा है!”
उन्होंने आरोप लगाया कि मंदसौर में भाजपा बुरी तरह बौखला रही है। मल्हारगढ़ विधानसभा के बूढ़ा में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष श्री ईश्वरलाल धाकड़ पर हमला कर अपने मुंह पर पुती कालिख कम करना चाहती है। क्या इससे उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा का ‘अपराध’ कम हो जाएगा।
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा, ”प्रदेश में भाजपा का ‘गुंडाराज’! सेना के खिलाफ बयान देने वाले उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के विधानसभा क्षेत्र में आज कांग्रेस पार्टी द्वारा पुतला दहन के दौरान, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और भाजपा के गुंडों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की। इस हमले में संजीत ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष ईश्वरलाल धाकड़ जी गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही और भाजपा समर्थित गुंडों का बचाव करती नजर आई।”
कल सोशल मीडिया पर राज्य के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा का एक बयान वायरल हुआ था, जिसमें वे कथित तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदर्भ में कहते हुए सुनाई दे रहे थे कि पूरा देश, देश की सेना और सैनिक उनके सामने नतमस्तक हैं। कांग्रेस ने इस संदर्भ में पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन करने और श्री देवड़ा का पुतला दहन करने की घोषणा की थी। इसके पहले राज्य के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह का भी एक बयान सामने आया था, जिसमें वे कर्नल सोफिया कुरैशी के संदर्भ में आपत्तिजनक और विवादास्पद शब्दों का इस्तेमाल कर रहे थे। कांग्रेस ने आज इन्हीं दोनों मामलों को लेकर विरोध प्रदर्शन की घोषणा की थी।

Next Post

शिक्षक को जिंदा जलाने की घटना की पड़ताल शुरू

Sat May 17 , 2025
दमोह। प्राथमिक शाला शिक्षक को पेट्रोल डाल कर जिंदा जलाने का मामला काफी तूल पकड़ रहा है।सागर डीआईजी सुनील कुमार जैन ने उक्त घटना को गंभीरता से लिया और वह हटा पहुंचे, जहां एएसपी संदीप मिश्रा, पथरिया एसडीओपी रघु केशरी,हटा थाना टीआई धर्मेंद्र उपाध्याय, मगरोन थाना प्रभारी ब्रजलाल पटेल के […]

You May Like