भगवंत मान ने फरीदकोट में फहराया राष्ट्रीय ध्वज

फरीदकोट 15 अगस्त (वार्ता) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को फरीदकोट में आयोजित एक राज्य स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

उन्होंने पंजाबियों सहित सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनायें दीं और पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवायें देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा, “ हमें आज़ादी के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ा। पंजाब के वीर योद्धाओं ने देश के लिए अपने अनमोल प्राणों की आहुति दी, क्योंकि अपने लोगों के लिए मर मिटने का जज्बा हमें अपने महान गुरु साहिबानों से गुडति में मिला है। इन महान बलिदानों के कारण ही देश आज़ाद हुआ। ”

श्री मान ने कहा कि 1947 में देश के बंटवारे के दौरान भी पंजाब को सबसे ज़्यादा कष्ट सहने पड़े। दस लाख के क़रीब लोगों की मौत और लोगों के विस्थापन का दर्द भी पंजाब को ही सहना पड़ा। 1947 के बाद देश की आज़ादी को बनाये रखने के लिए सरहदों पर कुर्बान होने वाले भी पंजाब के ही सपूत थे। उन्होंने कहा, “मैं इन महान बलिदानियों के आगे शीश झुकाता हूं और पंजाब की शांति एवं भाईचारे को और मज़बूत करने की अपनी ज़िम्मेदारी आखिरी सांस तक निभाऊंगा। ”

श्री मान ने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर जी के शहीदी दिवस को समर्पित पूरे पंजाब में बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, गुरु साहिब को समर्पित विकास कार्य भी शुरू किये जाएंगे। उन्होंने कहा कि 881 आम आदमी क्लीनिक लोगों की सेवा में हैं, जहां प्रतिदिन लगभग 70,000 लोग अपना इलाज कराते हैं। 200 नये क्लीनिक बहुत जल्द लोगों को समर्पित किये जाएंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में स्कूल ऑफ एमिनेंस खोले गये हैं, जिनके परिणाम भी बहुत प्रभावशाली हैं। हर चार साल में होने वाले राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण में पंजाब को देश के सभी राज्यों में प्रथम स्थान मिला है। हम पंजाब के स्वास्थ्य और शिक्षा को और बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहीद सैनिकों को उचित सम्मान देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, “ हम सैनिकों के घर जाकर शहीद सैनिकों के परिवारों को आर्थिक सहायता के रूप में एक करोड़ रुपये का चेक देते हैं। साथ ही, पंजाब पुलिस के शहीद जवानों को सरकारी सहायता के रूप में एक करोड़ रुपये और बैंक बीमा के तहत एक करोड़ दिये जाते हैं।”

उन्होंने कहा कि सरकार ने एक ईनाम नीति शुरू की है, जिसके तहत अगर कोई जांच अधिकारी एनडीपीएस मामलों में एक किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद करता है, तो उसे एक लाख 20 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। दूसरा, एनडीपीएस के तहत जांच की शक्ति एएसआई के पास होती है, लेकिन अब हम यही शक्ति कांस्टेबलों को दे रहे हैं और जिला कैडर में पदोन्नति के लिए आने वाली समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा। 16,000 नये पद जिनमें 150 इंस्पेक्टर, 450 सब-इंस्पेक्टर और 1,000 एएसआई होंगे। सबसे पहले पुलिस कर्मियों की पदोन्नति की जाएगी, जिसके बाद पंजाब पुलिस की ताकत भारतीयों द्वारा बढ़ायी जाएगी।

उन्होंने फरीदकोट के निवासियों, जिन्होंने अपनी मेहनत और कौशल के अनुसार विभिन्न क्षेत्रों में नाम कमाया है, को और अधिक उत्साह के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया और सभी पंजाबियों से अपील की कि आइये, “ हम सब मिलकर पंजाब को हर क्षेत्र में नंबर एक राज्य बनाने में अपना योगदान दें। ”

इसके अलावा पंजाब विधानसभा के अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने फिरोजपुर में, उपाध्यक्ष जय किशन रोड़ी ने फाजिल्का में, वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने रूपनगर में, नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री अमन अरोड़ा ने लुधियाना में, सामाजिक न्याय मंत्री डॉ. बलजीत कौर एस.बी.एस. नगर में, उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा ने संगरूर, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने अमृतसर, आवास निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने गुरदासपुर, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने तरन तारन में, परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने मानसा में, शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने मोगा , खनन मंत्री बरिंदर गोयल ने बठिंडा, ग्रामीण विकास मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने जालंधर, स्थानीय निकाय मंत्री रवजोत सिंह ने पठानकोट, कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने एस.ए.एस. नगर में, बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने होशियारपुर में और लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने पटियाला में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

 

Next Post

किश्तवाड़ में बादल फटने की घटना में मृतकों की संख्या 46 हुई

Fri Aug 15 , 2025
जम्मू, 15 अगस्त (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के पद्दार के चोसिटी गाँव में बादल फटने की घटना में दो केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) कर्मियों सहित 46 लोगों के हताहत होने की पुष्टि हुयी है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा, “अब तक 46 लोगों […]

You May Like