
छिंदवाड़ा। जिले सहित आसपास के सीमा क्षेत्रों में पेट्रोल खत्म होने की अफवाह से बुधवार को अफरा तफरी मच गई। अफवाह के बाद शहर भर के पेट्रोल पंपों पर लोगों को जमावड़ा लगने लगा। देखते ही देखते पंपों पर एक के बाद एक कतारें लगने लगी। लोग अपनी बाइक, ति-पहिया और चापहिया वाहन लेकर पेट्रोल भरवाने पंपों पर पहुंचने लगे।
सबसे ज्यादा भीड़ चंदनगांव और उमरानाला क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर देखी गई। यहां हालात ऐसे बने कि गाडिय़ों की लाइन पंप से निकलकर सडक़ तक पहुंच गई। कई जगह लोगों को पेट्रोल भरवाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। इस मामले में छिंदवाड़ा पेट्रोल पंप संगठन के अध्यक्ष अनिल राठी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि जिले भर में पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल स्टोर न करें। इस मामले में नागपुर में जॉब कर लौट रहे हेमंत कलकर्णी ने बताया कि नागपुर के कुछ पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल नहीं मिल रहा है। उन्होंने अपने दोस्तों से छिंदवाड़ा में फ्यूल मिलने की जानकारी ली। इसके बाद वह अपनी कार से छिंदवाड़ा पहुंचे।
पेट्रोल का करने लगे स्टॉक
अफवाह के चलते कुछ लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल जमा कर रहे हैं, जिससे कृत्रिम कमी की स्थिति बन सकती है। इसे देखते हुए प्रशासन भी सतर्क हो गया है। कालाबाजारी करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे संयम बनाए रखें और केवल आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल भरवाएं, ताकि सभी को सुचारु रूप से ईंधन मिल सके।
