झाबुआ पुलिस की बड़ी सफलता: गांजे के 15,609 पौधे जब्त, बाजार मूल्य 9.42 करोड़ रुपये से अधिक

झाबुआ: आदिवासी बाहुल्य झाबुआ जिले में अवैध गांजे की खेती का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने पारा क्षेत्र के ग्राम कलमोडा में कार्रवाई करते हुए कपास की फसल के बीच अवैध रूप से उगाए जा रहे गांजे के 15,609 पौधे जब्त किए है। जब्त पौधों का कुल वजन 99 क्विंटल 16 किलो 427 ग्राम बताया गया है। पुलिस के अनुसार, इन पौधों का अनुमानित बाजार मूल्य 9 करोड़ 42 लाख 1 हजार 430 रुपये है। मामले में तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर तीन आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने बताया कि पुलिस को जिले में अवैध गांजे की खेती किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पारा क्षेत्र के ग्राम कलमोडा में पहाड़ी, तलहटी और दुर्गम इलाकों में सघन कार्रवाई की। इस दौरान कपास की खेती के बीच गांजे के पौधे उगाए जाने का पता चला। पुलिस ने मौके से गांजे के हजारों पौधे जब्त किए और तीन अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए।

पुलिस के अनुसार पहले प्रकरण में अपराध क्रमांक 980/26 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में कार्रवाई की गई। इस मामले में ग्राम कलमोडा निवासी वेलसिंह मोहरिया डामोर के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है। कार्रवाई के दौरान कुल 6,011 गांजे के पौधे जब्त किए गए, जिनका वजन 47 क्विंटल 32 किलो 370 ग्राम बताया गया है। इनकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 49 लाख 57 हजार 515 रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, जिस वन क्षेत्र में गांजे की खेती की जा रही थी, उसका रकबा लगभग 6.25 बीघा है।

दूसरे प्रकरण में ग्राम कलमोडा निवासी भमरसिंह पिता मोहरिया डामोर के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस ने इस मामले में गांजे के 5,308 पौधे जब्त किए। इनका कुल वजन 34 क्विंटल 89 किलो 57 ग्राम बताया गया है। जब्त पौधों की अनुमानित बाजार कीमत 3 करोड़ 31 लाख 50 हजार 915 रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार संबंधित वन भूमि का रकबा लगभग 2.05 बीघा पाया गया।

तीसरे प्रकरण में ग्राम कलमोडा निवासी बापु पिता मोहरिया डामोर के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे वाले क्षेत्र से गांजे के 4,290 पौधे जब्त किए। इनका कुल वजन 16 क्विंटल 94 किलो 500 ग्राम बताया गया है। इन पौधों की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 60 लाख 93 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस के मुताबिक इस क्षेत्र में लगभग 3 बीघा वन भूमि पर गांजे की खेती की जा रही थी।

पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार ने बताया की जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

ग्राम कलमोडा में हुई इस कार्रवाई को अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस ने तीनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Next Post

सांभर कुंड में रोमांच, साहस और आत्मनिर्भरता का संगम बना जंगल कैंप

Thu Oct 15 , 2026
नीमच: जिला मंदसौर माउंटेनियरिंग एंड स्पोर्ट्स क्लाइंबिंग संगठन के नेतृत्व में नीमच स्थित सीआरपीएफ जंगल कैंप, सांभर कुंड में एक दिवसीय जंगल कैंप का आयोजन उत्साह, रोमांच और साहसिक गतिविधियों के साथ किया गया। शिविर में स्प्रिंगवुड विद्यालय, नीमच के एनसीसी कैडेट्स एवं स्काउट-गाइड के लगभग 80 छात्र-छात्राओं ने भाग […]

You May Like

Play sound