
सतवास। बस स्टैंड के पास बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसे में 38 वर्षीय महिला की मौत हो गई। भैरूपुरा निवासी अंजू बाई पति रतिराम कुमरे स्कूटी से गिरकर ट्राले की चपेट में आ गईं। वह अपनी बेटी की आगामी शादी की खरीदारी के लिए परिजन के साथ सतवास आई थीं। हादसा स्प्रिट बेकर के पास हुआ। कुछ ही दिनों बाद 11 तारीख को बेटी की शादी होनी थी, घर में तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, लेकिन अचानक इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विक्रांत झाझोट मौके पर पहुंचे, शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया। देर शाम अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने ट्राले को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
