
मंदसौर। मल्हारगढ़ विकासखंड के आदर्श ग्राम बालागुड़ा में आयोजित रात्रि चौपाल में कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को टेक होम राशन का नियमित वितरण सुनिश्चित करने तथा कुपोषित बच्चों की पहचान कर उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया।
चौपाल में कलेक्टर ने पशुपालन विभाग एवं सहकारिता बैंक को ग्राम में दूध उत्पादन और पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए संयुक्त रूप से विशेष शिविर आयोजित करने तथा पशुपालकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही इस विषय पर विशेष ग्राम सभा आयोजित करने को भी कहा।
उन्होंने ग्राम पंचायत को स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने, कचरा संग्रहण वाहन की व्यवस्था करने तथा जैविक कचरे से खाद निर्माण को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
चौपाल में ग्रामीणों ने दूध का उचित मूल्य, बैंक ऋण, किसानों के प्रशिक्षण, विद्युत व्यवस्था, नाली निर्माण, अतिक्रमण हटाने, खाद उपलब्धता, किसान सम्मान निधि, एटीएम स्थापना, खेतों की फेंसिंग एवं अन्य स्थानीय समस्याओं से अवगत कराया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।
