नयी दिल्ली, 02 सितंबर (वार्ता) मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा है कि बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) चुनाव आयोग और नागरिकों के बीच संपर्क का प्रथम माध्यम होते हैं।
श्री कुमार ने बुधवार को गोवा में राज्य के विभिन्न हिस्सों से आये एक हज़ार से अधिक बीएलओ के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि गोवा के बीएलओ ने मतदाता सूचियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है और यह जिम्मेदारी लगातार निभा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों के साथ सीधे संपर्क में बीएलओ की भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित किया। उन्होंने बीएलओ को दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का आधार स्तंभ बताते हुए कहा कि मतदाता सूचियों की तैयारी और चुनावों का संचालन संविधान, कानून और निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार पूरी कड़ाई से किया जाता है।
उन्होंने मतदाता सूची की शुचिता बनाए रखने के लिए बीएलओ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) तथा उम्मीदवारों के मतदान और मतगणना एजेंटों के माध्यम से मतदाता सूचियों के साथ-साथ पूरी चुनाव प्रक्रिया की समवर्ती जांच की जाती है।
