इंदौर: लसूड़िया क्षेत्र स्थित सिक्का स्कूल के पास कार सवार युवक के साथ मारपीट और वाहन में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने चारों बदमाशों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने तत्परता से आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की.थाना प्रभारी तारेश कुमार सोनी ने बताया कि घटना 26 फरवरी की शाम करीब 6.30 बजे की है.
धार रोड के ग्राम कलारिया में रहने वाले 30 वर्षीय फरियादी राजेश चौधरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह कार से घर लौट रहे थे. सिक्का स्कूल के पास एक मोटरसाइकिल सवार युवक अपने साथियों के साथ लहराते हुए आया और उनकी कार के बोनट पर थूक दिया. विरोध करने पर आरोपियों ने गालियां दीं, मारपीट की और शराब के लिए पैसे मांगने लगे. पैसे नहीं देने पर कार में तोड़फोड़ कर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए. फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी, इसी दौरान घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर दबिश दी.
चारों बदमाशों पर पूर्व में भी हैं प्रकरण दर्ज
गिरफ्तार आरोपियों में आदर्श इंदिरा नगर में रहने वाला 18 वर्षीय कुलदीप उर्फ भैय्यू शामिल है, जिसने बेसबॉल डंडे से कार पर प्रहार कर वाहन क्षतिग्रस्त किया और चालक को घायल किया था, उसके खिलाफ पूर्व में थाना चंदन नगर और मल्हारगंज में प्रकरण दर्ज हैं. 26 वर्षीय उज्जवल निवासी जलाराम नगर चंदन नगर के खिलाफ भी जूनी इंदौर थाने में आपराधिक मामला दर्ज है. वहीं 26 वर्षीय शुभम निवासी आदर्श इंदिरा नगर के खिलाफ थाना क्षिप्रा में तथा 21 वर्षीय विशाल निवासी आदर्श नगर छत्रीपुरा के खिलाफ भी थाना क्षिप्रा में प्रकरण दर्ज है. वारदात के बाद मोटरसाइकिल से भागते समय आरोपी गिर पड़े थे, जिससे उन्हें चोटें आईं. गिरफ्तारी के बाद सभी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है. पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
