नोएडा, (वार्ता) उत्तर प्रदेश के नोएडा की पुलिस और मोबाइल फोन स्नैचिंग व चोरी के आरोपी के बीच शुक्रवार को मुठभेड़ हो गई। सेक्टर-35 स्थित नाले के पास हुई इस घटना में आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस ने उसके पास से चोरी की एक स्कूटी, 12 मोबाइल फोन और एक अवैध तमंचा बरामद किया है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अपर पुलिस उपायुक्त (नोएडा) अभय कुमार मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया कि सेक्टर-24 थाने की टीम नाले के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक स्कूटी सवार को पुलिसकर्मियों ने रुकने का इशारा किया, लेकिन वह तेजी से भागने लगा। पुलिस टीम ने जब उसका पीछा किया, तो कुछ दूरी पर स्कूटी अनियंत्रित होकर नाले की दीवार से टकरा गई और वह गिर पड़ा। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई। आरोपी की पहचान ग्राम मोरना (थाना सेक्टर-24, नोएडा) निवासी सोनू (28 वर्ष), पुत्र सीताराम के रूप में हुई है।
आरोपी के पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर चोरी व स्नैचिंग के 12 मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके अलावा उसके पास से चोरी की एक हीरो होंडा मेस्ट्रो स्कूटी भी जब्त की गई।
मौके से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी की स्कूटी से राहगीरों के मोबाइल छीनने और चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।
जांच में सामने आया है कि सोनू के खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से आठ मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं।
घायल आरोपी का इलाज कराया जा रहा है। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मुकदमों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
