इंदौर: इंदौर से उज्जैन होते हुए राजस्थान की ओर जाने वाली बसों का संचालन अब 28 अक्टूबर से आईएसबीटी कुमेड़ी होकर किया जाएगा. इस संबंध में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आरटीओ इंदौर ने शुक्रवार को ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट एआईटीपी पर संचालित बसों के मालिकों की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए.
कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में गत दिवस आयोजित बैठक के क्रम में आरटीओ ने बस संचालकों को निर्देशित किया कि वे 28 अक्टूबर 2026 से इंदौर से उज्जैन होते हुए राजस्थान की ओर जाने वाली बसों का संचालन आईएसबीटी कुमेड़ी से सुनिश्चित करें. बैठक में बस संचालकों ने निर्देशों का पालन करने पर सहमति जताते हुए आश्वस्त किया कि वे निर्धारित तिथि से राजस्थान की ओर जाने वाली बसों का संचालन आईएसबीटी कुमेड़ी होकर करेंगे. प्रशासन के इस निर्णय से कुमेड़ी आईएसबीटी पर बसों का संचालन बढ़ेगा और क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी. साथ ही, राजस्थान की ओर जाने वाले यात्रियों को बस सेवा का लाभ आईएसबीटी कुमेड़ी से मिल सकेगा.
