
रीवा। पद्मधर पार्क में आयोजित कांग्रेस पार्टी के न्याय सत्याग्रह में सेमरिया से कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक पर अमर्यादित टिप्पणी की. जिसके बाद अब एक नया विवाद खड़ा हो गया है. कर्मचारी से कथित मारपीट के आरोप में घिरे विधायक मंच में सम्बोधन के दौरान शब्दो की मर्यादा को भूल गये और एसपी को अर्द्धनारीश्वर बोल दिये. मंच में उस समय पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सहित एक दर्जन से अधिक पूर्वमंत्री-विधायकगण के साथ संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे. विधायक अर्द्धनारीश्वर बोलने तक नही रूके, पुलिस अधीक्षक पर शराब कारोबारियों से 25 लाख रूपये महीना लेने का सनसनीखेज आरोप भी लगाया है. मंगलवार से ही सोशल मीडिया में सम्बोधन वीडियो वायरल हो रहा है. एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि की शब्दो की मर्यादा होती है, किसी भी वरिष्ठ अधिकारी के प्रति मंच से किस तरह का सम्बोधन होना चाहिये. इसका भी ध्यान नही दिया गया. अपने भाषण के दौरान विधायक ने कई तरह के आरोप भी लगाए. अब विधायक के बयान को लेकर विरोध शुरू हो गया है. सेमरिया क्षेत्र के भाजपा नेता दिवाकर द्विवेदी ने पत्रकारवार्ता कर विरोध जताया है और कहा है कि इस तरह खुले मंच से आईपीएस अधिकारी को अर्द्धनारीश्वर कहना अनुचित और अपमानजनक है. इस मामले की जांच की जाय और विधायक के खिलाफ मामला दर्ज किया जाय. निर्वाचित जनप्रतिनिधि के मुंह से ऐसे शब्द शोभा नही देते, मैं इसकी निंदा करता हूं.
