भोपाल, 12 अगस्त (वार्ता) स्वतंत्रता दिवस 2025 की वर्षगांठ पर मध्यप्रदेश में राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत भव्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे और प्रदेश की जनता के नाम संदेश देंगे। मुख्य समारोह से पहले मुख्यमंत्री शौर्य स्मारक में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
मुख्यमंत्री का संदेश जिला मुख्यालयों पर आयोजित समारोहों में सुबह 9:25 से 9:55 बजे तक सीधा प्रसारित होगा। जिला स्तर पर ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, परेड की सलामी और संक्षिप्त बधाई संदेश का वाचन विधानसभा अध्यक्ष, मंत्रीगण एवं कलेक्टर्स द्वारा किया जाएगा। जनपद, नगर पालिका, नगर परिषद और पंचायत स्तर पर भी ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
सभी सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में सुबह 8:00 बजे या उससे पूर्व ध्वजारोहण किया जाएगा, जिसके बाद प्रभात फेरी, खेलकूद, वाद-विवाद प्रतियोगिता, वृक्षारोपण, राष्ट्रीय एकता समूह गान और पुरस्कार वितरण जैसे कार्यक्रम होंगे।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या और मुख्य दिवस पर प्रदेश के प्रमुख सार्वजनिक भवनों एवं राष्ट्रीय महत्व की इमारतों पर विशेष रोशनी की जाएगी। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल के शहीदों के परिजनों और लोकतंत्र सेनानियों को समारोहों में सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया जाएगा, वहीं वृद्ध स्वतंत्रता सेनानियों का कलेक्टर या प्रतिनिधि घर जाकर शॉल और श्रीफल से सम्मान करेंगे।
