
सीधी। चुरहट थाना अंतर्गत ग्राम भेलकी 822 पोस्ट मोहनिया में महिलाओं पर हुए बर्बर हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना आज 12 अगस्त 2025 की सुबह की है। पीड़िता सरोज तिवारी ने बताया कि सुबह 5 बजे उन्होंने अपने पुराने घर की ओसारी खुदी हुई देखी और गुहार लगाई। करीब 8 बजे ओमप्रकाश शुक्ला, रामकुमार तिवारी और सुशील कुमार तिवारी पहुंचे और घर खोदने की बात पर गाली-गलौच करते हुए लाठी-डंडा से हमला कर दिया।
मारपीट के दौरान उनकी बेटी प्रिया तिवारी बचाने आई तो उसके साथ भी बाल पकड़कर खींचा और पीटा गया। बेटा संदीप तिवारी बीच-बचाव करने आया तो उसे भी मुक्कों से मारा गया। वीडियो में आरोपियों द्वारा महिलाओं को खींचकर बेरहमी से पीटने के दृश्य साफ दिख रहे हैं। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, तब पीड़ित परिवार की जान बची।
पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। ग्रामीणों का आरोप है कि इन व्यक्तियों पर पहले भी शिकायतें हुईं, लेकिन कार्रवाई न होने से उनका हौसला बढ़ा। अब लोग वीडियो के आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
