
मुरैना। सिहोनिया थाना क्षेत्र के बरगमा गांव के पास क्वारी नदी के रपटे पर तिरपाल में लिपटा एक अज्ञात युवती का शव मिला। शव काफी पुराना और गल चुका था, जिससे उसकी पहचान नहीं हो पाई। पुलिस का मानना है कि युवती की हत्या कर शव को नदी में फेंका गया है।
हाल ही में हुई बारिश से क्वारी नदी का जल स्तर बढ़ा हुआ था। अब पानी घटने के साथ नदी में बहकर आए कई सामान ऊपर नजर आने लगे हैं। बरगमा रपटे के पास तिरपाल में लिपटा युवती का शव दिखाई दिया। शव की हालत इतनी खराब थी कि उसे तुरंत ग्वालियर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। इस दौरान पुलिस ने मृतका की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
डॉक्टरों के मुताबिक मृतका की उम्र 18 से 22 साल के बीच है। एक हाथ में चांदी का चूड़ा, दूसरे में कलावा और काली रबर बंधी थी। उसने सफेद रंग का कुर्ता और काली लेगिंग पहनी थी। सिहोनिया थाना प्रभारी एसआई पवन भदौरिया ने बताया कि किसी भी प्रकार की सूचना थाना प्रभारी या कंट्रोल रूम मुरैना को दी जा सकती है। संपर्क नंबर: 9806166881, 7049101040
