नयी दिल्ली, 14 जुलाई (वार्ता) दिल्ली में आयोजित होने वाली कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप-2026 के आधिकारिक शुभंकर ‘मयूर’ का मंगलवार को अनावरण किया गया। दिल्ली के शिक्षा एवं खेल मंत्री आशीष सूद ने कहा कि यह केवल शुभंकर के अनावरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि दिल्ली के खेल भविष्य की नयी सोच और नयी दिशा का प्रतीक है। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में दिल्ली सरकार राजधानी को देश की ‘स्पोर्ट्स कैपिटल’ और भविष्य के वैश्विक खेल केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि 27 जुलाई से दो अगस्त तक त्यागराज स्टेडियम में होने वाली कॉमनवेल्थ टेबल टेनिस चैंपियनशिप में 25 देशों के शीर्ष खिलाड़ी भाग लेंगे, जिससे दुनिया की निगाहें दिल्ली पर रहेंगी।
श्री सूद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार भविष्य में कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स और अन्य बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए राजधानी को तैयार कर रही है।
उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिल्ली में तैराकी, एथलेटिक्स, कुश्ती और टेबल टेनिस सहित विभिन्न खेलों के लिए पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित किए जायेंगे। इन केंद्रों के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण, खेल विज्ञान और अंतरराष्ट्रीय स्तर की कोचिंग उपलब्ध करायी जायेगी, ताकि वे ओलंपिक, विश्व चैंपियनशिप और अन्य प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर सकें। उन्होंने कहा कि चैंपियनशिप का आधिकारिक शुभंकर ‘मयूर’ भारतीय संस्कृति, आत्मविश्वास, उत्कृष्टता, दृढ़ संकल्प और खेल भावना का प्रतीक है। यह शुभंकर दुनिया भर से आने वाले खिलाड़ियों का स्वागत करने के साथ-साथ युवाओं को भारतीय मूल्यों और वैश्विक उत्कृष्टता के साथ आगे बढ़ने का संदेश देगा।

