इंदौर: शहर में अव्यवस्थित पार्किंग पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस ने चारों जोन में विशेष पेट्रोलिंग टीमें सक्रिय कर दी हैं. पुलिस आयुक्त के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त व पुलिस उपायुक्त (यातायात) के निर्देशन में गठित इन टीमों ने व्यस्त मार्गों और बाजार क्षेत्रों में सतत भ्रमण कर नो-पार्किंग के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई शुरू कर दी है.पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य मुख्य सड़कों, बाजारों और यातायात दबाव वाले क्षेत्रों में अवैध पार्किंग को नियंत्रित कर आवागमन को सुगम बनाना है.
निर्धारित क्षेत्रों में पेट्रोलिंग के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई. पेट्रोलिंग के दौरान टीमों ने पीए सिस्टम, बॉडी वॉर्न कैमरा, क्रेन, व्हील लॉक और पीओएस मशीन की मदद से कार्रवाई की. पहले वाहन चालकों को समझाइश देकर निर्धारित पार्किंग स्थल उपयोग करने की चेतावनी दी गई. इसके बाद भी उल्लंघन जारी रहने पर वाहनों में व्हील लॉक लगाकर अथवा क्रेन से हटाकर चालान बनाया गया. अधिकारियों का दावा है कि निरंतर कार्रवाई से कई इलाकों में यातायात व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित हुई है और आमजन को राहत मिली है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा अन्य क्षेत्रों में भी विशेष पेट्रोलिंग कर सख्ती बरती जाएगी.
इन क्षेत्रों में रही विशेष निगरानी…
जोन-1: कालानी नगर से बड़ा गणपति होते हुए गौराकुंड तक, जोन-2: मालवा मिल, पाटनीपुरा से भमोरी और रसोमा क्षेत्र, जोन-3: पलासिया, गीताभवन, व्हाइट चर्च, मनोरमा गंज से कृषि कॉलेज तक, जोन-4: राजवाड़ा, सराफा, कपड़ा बाजार, खजूरी बाजार से भंवरकुआ टॉवर चौराहा तक.
