
ग्वालियर-महाराजपुरा थाना पुलिस ने रात्रि में मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने 110 ग्राम सोना, 150 ग्राम चांदी के जेवरात, लैपटॉप और कैमरा सहित करीब 16 लाख 70 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश पर जिले में चोरों और नकबजनों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पूर्व शिवेश सिंह बघेल ने सभी थानों को लंबित चोरी की वारदातों के खुलासे के निर्देश दिए थे। सीएसपी महाराजपुरा नागेन्द्र सिंह सिकरवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी यशवंत गोयल ने टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान पवन राजावत और उदय सोनी के रूप में हुई। मुखबिर की सूचना पर दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम पवन उर्फ प्रतिभान सिंह राजावत और उदय सोनी बताए और चोरी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया और रिमांड पर लिया।
रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का माल बरामद किया गया। इसमें एक एचपी कंपनी का लैपटॉप मय चार्जर व माउस, एक कैनन कैमरा, दो हाथ घड़ी, दो बड़े मंगलसूत्र, एक छोटा मंगलसूत्र, दो चेन, छह अंगूठी, एक जोड़ी झुमकी, चार जोड़ी चांदी की पायल, दो जोड़ी बच्चों के चांदी के कड़े और दो जोड़ी चंदा-सूरज शामिल हैं।
फरियादी शैलेन्द्र सिंह राजावत निवासी शिव निवारा, रामनगर, भिंड रोड ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 जून 2026 की रात वह परिवार के साथ पहली मंजिल पर सो रहा था। ग्राउंड फ्लोर पर ताला लगा था। सुबह नीचे आने पर मुख्य गेट का ताला टूटा मिला और सामान बिखरा पड़ा था। जांच में सोने-चांदी के जेवरात, लैपटॉप और नगदी गायब मिले थे।
गिरफ्तार आरोपी पवन उर्फ प्रतिभान सिंह राजावत पुत्र महाराज सिंह राजावत उम्र 35 साल निवासी मेहदवा, थाना रौन, भिंड हाल बांके बिहारी धाम, बरेठा और दूसरा आरोपी उदय सोनी पुत्र कमलकिशोर सोनी उम्र 23 साल निवासी रौन, भिंड का रहने वाला है।
