सीएसके से अपनी भूमिका के बारे में स्पष्टता चाहते हैं अश्विन

सीएसके से अपनी भूमिका के बारे में स्पष्टता चाहते हैं अश्विन

चेन्नई, 12 अगस्त (वार्ता) चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के ऑलराउंडर आर अश्विन ने अपनी टीम से साफ पूछा है कि आने वाले आईपीएल में वे उनका इस्तेमाल कैसे करने वाले हैं। ईएसपीएन क्रिकइंफो को मिली जानकारी के अनुसार, उन्होंने फ्रेंचाइजी से कहा है कि अगर वह टीम की योजनाओं में फिट नहीं बैठते तो उन्हें टीम से अलग होने में कोई दिक्कत नहीं है।

अश्विन को सीएसके ने पिछले साल बड़ी नीलामी में 9.75 करोड़ रुपये में ख़रीदा था और उन्होंने 14 में से नौ मैच खेले थे। यह साल उनके लिए एक तरह से घर वापसी जैसा था क्योंकि नौ सीजन तक बाहर खेलने के बाद वे अपने शहर की टीम में लौटे थे। 2009 के डेब्यू सीजन के बाद यह पहला सीजन था, जब उन्होंने एक सीजन में 12 से कम मैच खेले। यह उनका सबसे महंगा साल भी रहा क्योंकि उन्होंने प्रति ओवर 9.12 रन दिए।आईपीएल में पहली बार उनकी इकॉनमी एक सीजन में 8.49 से ऊपर गई।

खिलाड़ियों को रिलीज करने की अंतिम तारीख़ आमतौर पर इस बात पर निर्भर करती है कि उस साल की नीलामी कब है। यह आईपीएल 2026 के लिए अभी तय नहीं हुआ है। बड़ी नीलामी हर तीन साल में होती है, लेकिन छोटी नीलामी हर साल होती है। यह आमतौर पर नवंबर से फ़रवरी के बीच कभी भी हो सकती है। अगर किसी खिलाड़ी का ट्रेड होना हो तो यह नीलामी से एक हफ्ते पहले तक हो सकता है।

संजू सैमसन के साथ अपने यूट्यूब शो पर अश्विन ने कहा, ‘मैं राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के लिए तीन साल खेला। पहले साल के बाद मुझे सीईओ से मेल मिला, जिसमें मेरे प्रदर्शन और टीम को मुझसे उम्मीदों के बारे में लिखा गया था और फिर उसमें मेरे कॉन्ट्रैक्ट को बढ़ाने की बात की गई थी। हर सीजन के बाद यह फ्रेंचाइजी की जिम्मेदारी है कि वे खिलाड़ियों को सूचना दें कि वे उन्हें रिटेन कर रहे हैं या रिलीज।’

अश्विन ने आगे कहा, ‘वही मेरे या संजू (सैमसन) के बारे में जो ख़बरें चल रही हैं, उसमें भी हर खिलाड़ी को अपनी इच्छा जताने का अधिकार है। हर खिलाड़ी स्पष्टता भी चाहता है। लेकिन चीजें हमारे (खिलाड़ी के) हाथ में नहीं होती हैं। मैंने बस चीजों को लेकर स्पष्टता मांगी है। जो खबरें निकलकर आ रही हैं, वे खिलाड़ियों की तरफ से नहीं लीक हो रही हैं। संजू की भी खबर या तो अफवाह हो सकती है या तो फ्रेंचाइजी की तरफ से आई है। मुझे नहीं पता कि ये सब खबरें कौन परोस रहा है।’

अश्विन आईपीएल में पांचवें सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ हैं। उन्होंने सीएसके से शुरुआत की थी और इसके बाद वह राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स, किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स), दिल्ली कैपिटल्‍स और आरआर के लिए खेले। वह फिर 2025 में सीएसके में लौटे।

सीएसके को अभी और भी बड़े फैसले लेने हैं, जिसमें कप्तानी का मामला भी शामिल है। पिछले सीजन जब नियमित कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ चोटिल होकर बाहर हो गए थे, तब महेंद्र सिंह धोनी ने कमान संभाली थी। फ्रेंचाइजी हमेशा धोनी के ट्रेनिंग शुरू करने के बाद साल के अंत तक उनकी उपलब्धता के फैसले का इंतज़ार करती है। पिछले साल, सीएसके ने धोनी के मौजूद होने के बावजूद गायकवाड़ को कप्तान बनाया था और अगले साल भी ऐसा ही होना चाहिए, चाहे धोनी खेलना जारी रखें।

Next Post

इमरान खान मामले में सुप्रीम कोर्ट का नोटिस जारी

Tue Aug 12 , 2025
इस्लामाबाद, 12 अगस्त (वार्ता) पाकिस्तान की सुप्रीम कोर्ट ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री और तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के नेता इमरान खान की अपीलों की बाबत पंजाब सरकार को नोटिस जारी किया है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, मुख्य न्यायाधीश याह्या अफरीदी ने सवाल उठाया कि क्या जमानत मामले में अंतिम […]

You May Like