
दमोह। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष की निरंतर सेवा पूर्ण होने के अवसर पर “सेवा और समर्पण के 25 वर्ष : सेवा संकल्प अभियान-2026” का आयोजन किया जा रहा है। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक पूरे मध्यप्रदेश में आयोजित होगा। अभियान के संबंध में जिला भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई।
पत्रकार वार्ता में दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, जिला मीडिया प्रभारी एवं युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रिंस जैन, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर मंडल मीडिया प्रभारी अखिलेश सिंह घोषी तथा रानी दमयंती नगर मंडल मीडिया प्रभारी अंकित बसेड़िया उपस्थित रहे।
दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में दायित्व संभाला और 26 मई 2014 को देश के प्रधानमंत्री बने। इस प्रकार संवैधानिक दायित्वों में उनकी 25 वर्षों की सेवा यात्रा देश के लोकतांत्रिक इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसेवा, सुशासन, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। अभियान में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना निरंतर दिखाई देती है। भाजपा इस अभियान को केवल पार्टी का कार्यक्रम न बनाकर जनभागीदारी का अभियान बनाने का प्रयास करेगी। जिले में रक्तदान, स्वच्छता, सामाजिक सहभागिता, सेवा गतिविधियों, प्रतियोगिताओं और विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा।
