खंडेलवाल ने हरित पटाखे जलाने की अनुमति मिलने पर रेखा गुप्ता को दी बधाई

नयी दिल्ली 15 अक्टूबर (वार्ता) चांदनी चौक से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने उच्चतम न्यायालय की ओर से दीपावली के मौके पर हरित पटाखे जलाने की अनुमति दिये जाने को लेकर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को बधाई दी है।
श्री खंडेलवाल ने बुधवार को संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा, “मैं दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ जिन्होंने दिवाली उत्सव के दौरान प्रमाणित ग्रीन पटाखों के उपयोग की अनुमति के वास्ते उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाकर एक सराहनीय, सक्रिय और संतुलित कदम उठाया है। उनका यह निर्णय हमारे त्योहारों से जुड़े सांस्कृतिक भावों और पर्यावरण की सुरक्षा दोनों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण को दर्शाता है।”
उन्होंने कहा, “अब जबकि शीर्ष अदालत ने 18 से 21 अक्टूबर तक राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में ग्रीन पटाखों की बिक्री और उपयोग की अनुमति प्रदान कर दी है, यह सभी दिल्लीवासियों की जिम्मेदारी है कि हम इस दीपावली को जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ मनाएँ। हमें सुनिश्चित करना होगा कि हमारे शहर का आकाश उल्लास और रोशनी से चमके, न कि प्रदूषण और लापरवाही से धुँधला हो।”
उन्होंने कहा, “मैं दिल्ली के प्रत्येक नागरिक से अपील करता हूँ कि वे शीर्ष अदालत के निर्देशों का पूर्ण पालन करें। केवल प्रमाणित ग्रीन पटाखे ही जलाएँ, निर्धारित समय और स्थानों का पालन करें, और संयम तथा सावधानी बरतें। यह हमारे लिए एक अवसर है यह दिखाने का कि हम अपनी परंपराओं का उत्सव प्रकृति के साथ तालमेल और जिम्मेदारी के साथ मना सकते हैं।”
उन्होंने कहा कि यह दीपावली केवल रोशनी और खुशियों के लिए ही नहीं, बल्कि दिल्ली की सामूहिक अनुशासन और नागरिक जिम्मेदारी की भावना के लिए भी याद की जाए। आइए, हम सब मिलकर इस पर्व को सच में हरित, सुरक्षित और आनंदमय बनाएँ।

Next Post

गोहद की सुरक्षा के लिए सार्वजनिक स्थानों पर लगाए 62 सीसीटीवी कैमरे, थाने में कंट्रोल रूम बना

Wed Oct 15 , 2025
भिंड: गोहद नगर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। गोहद नगर सहित गोहद चौराहा के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर 34 लाख की लागत से कुल 62 हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की लाइव निगरानी स्थानीय गोहद थाना […]

You May Like